अजित पवार के अंतिम संस्कार में चेन स्नैचिंग, 15 लोगों के गहने चोरी
भारी भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नैचरों ने लोगों को बनाया निशाना अंतिम संस्कार के दौरान 15 लोगों के गले से सोने की चेन चोरी 8 हजार पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद सुरक्षा पर उठे सवाल

Maharashtra news: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार के हालिया निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बारामती में लाखों लोग जुटे थे। इसी दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नैचरों ने कई लोगों को निशाना बना लिया।
क्या है पूरा मामला?
28 जनवरी को उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान हादसे में दुखद निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान के मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। अंतिम दर्शन के लिए महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों से भारी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी भीड़भाड़ के बीच चोरों के एक गिरोह ने सक्रिय होकर लोगों के गले से सोने की चेन चोरी करनी शुरू कर दी।
25 से 30 लाख रुपये के गहने चोरी
जानकारी के मुताबिक, करीब 15 लोगों के गले से सोने की चेन गायब हो गई। चोरी हुए गहनों की कुल कीमत लगभग 25 से 30 लाख रुपये बताई जा रही है। कुछ संदिग्धों को मौके पर मौजूद नागरिकों ने पकड़ लिया, जबकि कुछ आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। हैरानी की बात यह है कि उस दिन बारामती में करीब 8 हजार पुलिसकर्मी तैनात थे, इसके बावजूद इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़ितों की शिकायत के बाद बारामती तालुका पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मोहम्मद यूनुस, राजकुमार आठवले, एजाज मिरावले, मोहम्मद सिराज, बालू बोत्रे समेत दो अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। एक ओर जहां अजित पवार के अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद भावुक था, वहीं दूसरी ओर इस तरह की चोरी की घटनाओं ने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। इस घटना के बाद बारामती शहर में नाराजगी का माहौल है।



