X ने मानी गलती, कंटेंट कंट्रोल में खामियों को किया स्वीकार
X ने कंटेंट मॉडरेशन में खामी मानते हुए सरकार को दिया भरोसा Grok AI से जुड़ी अश्लील सामग्री पर कार्रवाई, 3500 कंटेंट ब्लॉक IT मंत्रालय की सख्ती के बाद 600 से ज्यादा अकाउंट हटाए गए

Twitter news: सरकारी सूत्रों के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) ने अपनी कंटेंट मॉडरेशन प्रक्रिया में गंभीर खामियों को स्वीकार कर लिया है। रविवार (11 जनवरी) को कंपनी ने अधिकारियों को आश्वासन दिया कि वह आगे से भारतीय कानूनों और नियमों का पूरी सख्ती से पालन करेगी। यह कार्रवाई X पर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री के बढ़ते प्रसार को लेकर सरकार की चिंता के बाद सामने आई है। इनमें से कुछ सामग्री कथित तौर पर X के AI टूल ‘Grok’ के जरिए उत्पन्न या फैल रही थी। इसके बाद X ने करीब 3,500 आपत्तिजनक कंटेंट को ब्लॉक किया है और 600 से ज्यादा अकाउंट्स को हटाया है। साथ ही कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में प्लेटफॉर्म पर अश्लील तस्वीरों की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सरकार को पहले मिला था अधूरा जवाब
इससे पहले केंद्र सरकार ने X से Grok AI से जुड़ी अश्लील सामग्री पर की गई कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपायों को लेकर विस्तृत जानकारी मांगी थी। हालांकि, सरकार ने X के शुरुआती जवाब को अपर्याप्त बताया था। पहले नोटिस के जवाब में X ने भ्रामक पोस्ट और गैर-सहमति से साझा की गई यौन सामग्री को हटाने की अपनी नीतियों का जिक्र तो किया, लेकिन Grok AI से जुड़ी अश्लील सामग्री पर उठाए गए ठोस कदमों और रोकथाम के उपायों की जानकारी नहीं दी गई थी।
आईटी मंत्रालय ने दी कड़ी चेतावनी
2 जनवरी को सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने X को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा था कि AI-आधारित टूल्स के जरिए अश्लील और यौन सामग्री का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। X के ‘सेफ्टी’ हैंडल ने बाद में बयान जारी कर कहा कि वह अपने प्लेटफॉर्म पर अवैध सामग्री, जिसमें बाल यौन शोषण से जुड़ा कंटेंट (CSAM) भी शामिल है, के खिलाफ सख्त कार्रवाई करता है। कंपनी ने बताया कि ऐसे मामलों में कंटेंट हटाने, अकाउंट्स को स्थायी रूप से निलंबित करने और जरूरत पड़ने पर स्थानीय सरकार व कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सहयोग किया जाता है। X ने एलन मस्क के रुख को दोहराते हुए कहा कि Grok के जरिए अवैध सामग्री बनाने या फैलाने वालों के खिलाफ भी वही कार्रवाई होगी, जो सीधे अवैध कंटेंट पोस्ट करने पर होती है।



