UP भाजपा अध्यक्ष के सामने महिलाओं का हंगामा, BJP नेताओं पर शोषण और भ्रष्टाचार के आरोप
आजमगढ़ में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के सामने महिला कार्यकर्ताओं ने नेताओं पर शोषण और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। महिलाओं ने कहा कि शिकायतों की सुनवाई नहीं हो रही है और संगठन में मनमानी तथा गुटबाजी चरम पर है।

आजमगढ़: आजमगढ़ में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान कार्यक्रम के दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के सामने महिलाओं ने जोरदार विरोध जताया। महिला पदाधिकारियों ने स्थानीय नेताओं पर शोषण, भ्रष्टाचार और संगठन में मनमानी करने के गंभीर आरोप लगाए।
भूपेंद्र चौधरी के सामने खुला महिला मोर्चा
हरिऔध कला केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर महामंत्री महिला मोर्चा अनीता सिंह समेत कई महिलाओं ने मंच से अपनी पीड़ा जाहिर की। उन्होंने कहा कि जिले के कुछ नेता महिला पदाधिकारियों का शोषण कर रहे हैं। उन्होंने भूपेंद्र चौधरी से सवाल किया, “कहो तो नाम बता दूं?”
महिलाओं का कहना था कि उन्होंने पहले भी अपनी शिकायतें प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाईं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
अनीता सिंह ने लगाए गंभीर आरोप
अनीता सिंह ने बताया कि 7 जनवरी को उन्हें फोन पर बताया गया कि उन्हें मेन बॉडी का अध्यक्ष बनाया गया है और सर्किट हाउस बुलाया गया। वहां चार घंटे तक बिठाकर उनका सम्मान किया गया, लेकिन बाद में सूची को फर्जी घोषित कर दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि नेताओं ने बंद कमरे में बैठाकर उन्हें शांत रहने का दबाव डाला। जब भूपेंद्र चौधरी आजमगढ़ आए, तो उन्होंने मिलने का आश्वासन तो दिया, लेकिन बिना मिले ही वापस चले गए।
संगठन में भ्रष्टाचार और गुटबाजी के आरोप
महिलाओं ने आरोप लगाया कि पार्टी के स्थानीय नेता पदों का बंटवारा घूस लेकर करते हैं। जिले में दस महीने से संगठन निष्क्रिय है, जिलाध्यक्ष ने अब तक एक भी कामकाजी बैठक नहीं की। प्रशासन और युवा मोर्चा पर भी मनमानी और गुंडागर्दी के आरोप लगाए गए।



