महिला विधायक कलावती ने विधानसभा में लगायी सुरक्षा की गुहार

भोपाल,  मध्यप्रदेश विधानसभा में आज कांग्रेस की एक महिला विधायक कलावती भूरिया ने स्वयं की जान को खतरा बताते हुए अपने लिए पर्याप्त सुरक्षा की मांग की। इस मामले को लेकर कांग्रेस सदस्यों के एकसाथ बोलने के कारण हंगामे की स्थिति बन गयी।

राज्यपाल के अभिभाषण पर पेश किए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होने के पहले ही जोवट क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वालीं सुश्री भूरिया ने सदन में यह मामला उठाया। उन्होंने कहा कि उनकी जान को खतरा है। उन्हें खुलेआम धमकी दी जा रही है। उनका साथ मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के अन्य सदस्यों ने भी दिया।

इस बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विधायक, पूर्व विधायक और सभी नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। वे सभी की सुरक्षा की गारंटी लेते हैं और महिला विधायक की सुरक्षा के लिए भी सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

ये भी पढ़े-विश्व में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 25 लाख के करीब

इसके तत्काल बाद पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने कहा कि महिला और आदिवासी विधायक की सुरक्षा का सवाल है। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि वे धमकी देने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं। इसी तरह की बातें कांग्रेस के अनेक सदस्यों ने की और सदन में शाेरगुल की स्थिति बन गयी।

इस बीच अध्यक्ष गिरीश गौतम ने भी कहा कि इस मामले को जातिगत नजरिए से मत देखिए है। सदन में सभी विधायक एकसमान हैं। गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सदस्य की सुरक्षा का आश्वासन दिया है।

सदस्यों के हंगामे के बीच गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि जिस मामले का जिक्र किया है, उसमें कोई अपराध दर्ज नहीं हुआ है। पूर्व विधायक ने प्रेस के जरिए कुछ बातें कही थीं और उसका जवाब भी प्रेस के माध्यम से दे दिया गया है। यह वहां के स्थानीय राजनीति का मामला है। इसमें सदन का वक्त जाया नहीं किया जाना चाहिए।

इसके बावजूद काफी सदस्य एकसाथ बोलते रहे। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि इस मामले को राजनीति के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। कहीं ऐसा न हाे कि हम लोग बात करते रह जाएं और कोई बड़ी घटना घट जाए।
इसके बाद अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही आगे बढ़ा दी।

Related Articles

Back to top button