Wings India 2026 में उत्तराखंड को मिला बड़ा सम्मान, बना “Best State for Promotion of Aviation Ecosystem”
Wings India 2026 में उत्तराखंड को मिला राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान नागरिक उड्डयन क्षेत्र में बेहतरीन नीति और विकास को मिली पहचान हवाई कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर में राज्य ने रचा नया रिकॉर्ड

हैदराबाद: अंतरराष्ट्रीय विमानन सम्मेलन एवं प्रदर्शनी Wings India 2026 में उत्तराखंड को “Best State for Promotion of Aviation Ecosystem” के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान नागरिक उड्डयन क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा किए गए प्रभावी प्रयासों, मजबूत नीति समर्थन और विमानन पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए प्रदान किया गया।
हैदराबाद में हुआ भव्य आयोजन
यह पुरस्कार बेगमपेट एयरपोर्ट, हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू एवं नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) के सचिव समीर कुमार सिन्हा द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के सचिव सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय सिंह टोलिया तथा हेड ऑफ ऑपरेशंस कैप्टन अमित शर्मा उपस्थित रहे।
उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण
गौरतलब है कि Wings India 2026 देश का सबसे बड़ा विमानन मंच है, जहां देश-विदेश से नीति निर्माता, उद्योग विशेषज्ञ, निवेशक और विमानन क्षेत्र से जुड़े प्रमुख हितधारक शामिल होते हैं। इस मंच पर उत्तराखंड को मिला यह सम्मान राज्य की विमानन नीति और प्रशासनिक क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाता है। साथ ही यह भविष्य में निवेश और विकास के नए अवसर भी खोलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बयान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पुरस्कार उत्तराखंड की समग्र विमानन नीति, बेहतर प्रशासनिक समन्वय और प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई सेवाओं से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता रही है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिला है और आपदा प्रबंधन व स्वास्थ्य सेवाओं में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से हेली सेवाओं का विस्तार, उड़ान योजना का सफल क्रियान्वयन और आधुनिक विमानन अवसंरचना के विकास ने उत्तराखंड को तेजी से एक उभरते हुए विमानन हब के रूप में स्थापित किया है।



