न्यूज नशा से बात चीत करते हुए, हाजी मस्तान की बेटी हसीन मस्तान मिर्ज़ा का दर्दनाक खुलासा
12 साल की उम्र में दरिदंगी का आरोप, हाजी मस्तान की बेटी ने सुनाई आपबीती। 8 वी बीवी वाले शख्स पर रेप के गम्भीर आरोप, इंटरव्यू में छलका दर्द

अंडरवर्ल्ड की दुनिया में कभी जिसका नाम सुनते ही मुंबई कांप उठती थी, उसी हाजी मस्तान मिर्ज़ा की बेटी हसीन मस्तान मिर्ज़ा आज इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान पत्रकार विनीता यादव से बातचीत में हसीन ने अपनी जिंदगी से जुड़े ऐसे राज खोले, जिन्होंने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।
हसीन मस्तान ने 12 साल की उम्र में झेला दर्द
बातचीत के दौरान हसीन मस्तान मिर्ज़ा ने बताया कि जब वह सिर्फ 12 साल की थीं, तब उनके साथ दरिंदगी हुई। हसीन का आरोप है कि 8 शादियां कर चुके एक शख्स ने उनके साथ बलात्कार किया और जबरन शादी के बाद लंबे समय तक शारीरिक और मानसिक अत्याचार करता रहा।
कम उम्र में मिली जिम्मेदारी और संघर्ष
विनीता यादव से बातचीत में हसीन कई , बार दर्द से फूट-फूटकर रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में जो कुछ उन्होंने झेला, उसके जख्म आज तक नहीं भर पाए हैं।
तीन बच्चों की मां बनने के बावजूद कोई सुरक्षा नहीं
हसीन ने बताया कि 25 साल की उम्र तक आते-आते वह तीन बच्चों की मां बन चुकी थीं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें न सम्मान मिला और न ही सुरक्षा।
पिता के जाने के बाद हालात हुए कठिन
हसीन का कहना है कि पिता हाजी मस्तान की मौत के बाद हालात और बदतर हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ लगातार अन्याय होता रहा, लेकिन हाजी मस्तान ने अपनी बेटी को टूटने से बचाने के लिए कई सच्चाइयों को दबाए रखा।
बेटी को भी झेलना पड़ा भयावह अनुभव
इस बातचीत के दौरान हसीन ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया, जब उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को भी ऐसी भयावह परिस्थितियों से गुजरना पड़ा, जहां उसे “खून से सना फर्श” तक साफ करना पड़ा। यह बताते वक्त हसीन की आवाज कांपने लगी और वह खुद को संभाल नहीं पाईं।
हाजी मस्तान की मदद और बेटी की मजबूरी
हसीन मस्तान मिर्ज़ा ने यह भी कहा कि उनके पिता हाजी मस्तान ने अपने जीवन में लाखों लोगों की मदद की, लेकिन आज वही बेटी न्याय की गुहार लगा रही है। समय के साथ हाजी मस्तान के कई कर्जदार और करीबी लोग गायब हो गए, जिससे वह और भी मजबूर होती चली गईं।
बॉलीवुड ने मदद की, लेकिन सिस्टम नाकाम रहा
विनीता यादव से बातचीत में हसीन ने बताया कि बॉलीवुड से जुड़े कुछ लोगों ने उन्हें सहारा देने की कोशिश जरूर की, लेकिन सिस्टम से अब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिला। उन्होंने कहा, “बाप का नाम बहुत बड़ा था, लेकिन उसी नाम के साथ ईमानदार जिंदगी जीने का दर्द भी मिला।”
अमित शाह से मिलने की इच्छा
इंटरव्यू में हसीन ने यह भी साफ किया कि वह अब देश के गृह मंत्री अमित शाह से मिलना चाहती हैं, ताकि उनकी आवाज सत्ता तक पहुंचे और उनका मामला गंभीरता से सुना जाए।
मुंबई का डॉन की बेटी आज न्याय की गुहार लगा रही
कभी कहा जाता था कि मुंबई हाजी मस्तान से कांपती थी, और दाऊद इब्राहिम तक उसे अपना गुरु मानता था, लेकिन आज उसी डॉन की बेटी इंसाफ के लिए रो रही है। हसीन का कहना है कि पिता के दुनिया से जाते ही उनके साथ अत्याचार शुरू हो गया, और अब वह सिर्फ एक ही मांग कर रही हैं – न्याय।



