अखिलेश यादव का BJP पर हमला, कहा- नफरत और भेदभाव की राजनीति कर रही सरकार, स्मार्ट सिटी फंड और कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने स्मार्ट सिटी फंड के दुरुपयोग, बिजली संकट, ट्रैफिक और सफाई व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, अवैध निर्माण और कानून व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बीजेपी समाज में विभाजन और जातिवाद फैला रही है।

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार नफरत और डिवाइड एंड रूल की नीति पर चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज को तोड़ने और जातिवाद फैलाने में लगी हुई है। यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री बिहार चुनाव में स्टार प्रचारक नहीं बल्कि स्टार विभाजक बनकर गए हैं।

स्मार्ट सिटी और विकास पर सवाल

अखिलेश ने लखनऊ और प्रदेश के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च हुए लेकिन शहर में कूड़ा फैला है, नाले भरे पड़े हैं और ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है।उन्होंने पूछा कि आखिर स्मार्ट सिटी फंड कहां जा रहा है।

बजट और विकास कार्यों की आलोचना

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के समय प्रदेश का बजट 4 लाख करोड़ रुपये था और कई विकास कार्य हुए। आज बजट 8 लाख करोड़ से ज्यादा है लेकिन कोई ठोस विकास नहीं दिख रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट का दुरुपयोग और लूट हो रही है।

कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा

अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। घरों में चोरी, महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने भेड़िये, तेंदुए और गुलदार के हमलों का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार जनता की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पा रही।

शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली पर आरोप

उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार गरीब, किसान और युवा विरोधी है। शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली की व्यवस्था खराब है। बिजली का निजीकरण करने की कोशिश की जा रही है और बिजली घर लगाने का काम नहीं हुआ।

Related Articles

Back to top button