अप्रैल के आखिरी हफ्ते में आसमान से बरस रही आग, IMD की चेतावनी
देश में भीषण गर्मी का कहर जारी है, कई राज्यों में लू ने हालात बिगाड़ दिए हैं। दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में तापमान 43 से 45 डिग्री तक पहुंच गया है। IMD ने अगले कुछ दिनों तक और तेज हीट वेव की चेतावनी जारी की है।

Weather Update: देश में अप्रैल का आखिरी हफ्ता शुरू होते ही मौसम ने अपना सबसे कड़ा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। दिल्ली-NCR से लेकर यूपी, बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा और पंजाब तक भीषण गर्मी ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। तेज धूप और लू ने हालात ऐसे बना दिए हैं कि दोपहर में घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है।
दिल्ली में सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड
गुरुवार को दिल्ली ने इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया। रिज इलाके में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग 4.6 डिग्री ज्यादा है। राजधानी के कई इलाकों में पारा 41 डिग्री से ऊपर रहा, जिससे राजधानी ‘हीट ट्रैप’ जैसी स्थिति में आ गई है।
Weather Update: 24 शहरों में पारा 43 डिग्री के पार
IMD के मुताबिक देश के 24 शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। सबसे ज्यादा गर्म रहा राजस्थान का श्रीगंगानगर, जहां तापमान 44.5 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं प्रयागराज और महाराष्ट्र का अमरावती भी 44.4 डिग्री के साथ दूसरे सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे।
Weather Update: अगले 4-5 दिन लू का ‘खतरनाक दौर’
मौसम विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि आने वाले 4-5 दिन बेहद मुश्किल होने वाले हैं। उत्तर-पश्चिम भारत: अगले 4-5 दिन लू, मध्य भारत: लगातार हीट वेव, पूर्वी भारत: अगले 2-3 दिन तेज गर्म हवाएं।
प्रभावित राज्य:
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी यूपी, बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, विदर्भ और केरल
थोड़ी राहत की उम्मीद, लेकिन देर से
दिल्ली-NCR में 26 अप्रैल को आंशिक बादल और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल राजधानी का AQI 176 दर्ज किया गया है, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
आखिर क्यों बढ़ रही है इतनी गर्मी?
इस बार भीषण गर्मी की सबसे बड़ी वजह ‘हीट डोम’ बताई जा रही है। हीट डोम एक ऐसी स्थिति है जिसमें ऊपर बना हाई प्रेशर सिस्टम गर्म हवा को एक जगह फंसा देता है। यह एक ढक्कन की तरह काम करता है, जिससे गर्मी बाहर नहीं निकल पाती और तापमान लगातार बढ़ता रहता है। इसी कारण हीट वेव और ज्यादा खतरनाक हो जाती है।
मई-जून में टूट सकते हैं गर्मी के सभी रिकॉर्ड
IMD ने संकेत दिए हैं कि इस साल मई और जून में हालात और गंभीर हो सकते हैं। जहां सामान्य तौर पर 3 से 7 दिन हीट वेव होती है, वहीं इस बार यह अवधि इससे ज्यादा रह सकती है।
देश ‘Heat Dome’ के असर में
Weather Update: फिलहाल भारत का बड़ा हिस्सा इसी हीट डोम के प्रभाव में है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और भी ज्यादा परेशान कर सकती है।
यह भी पढ़ें: 20 मिनट की फिल्म, 20+ अवॉर्ड्स… फिर भी काम का इंतज़ार! दीपक तिजोरी का दर्द छलका



