कर्नाटक विधान परिषद की चार सीटों के लिए हुआ मतदान, 02 को होगी मतगणना

बेंगलुरु। राज्य की विधान परिषद की चार सीटों के लिए बुधवार को मतदान हुआ। विधान परिषद की कर्नाटक दक्षिण-पूर्व ग्रेजुएट्स, कर्नाटक पश्चिम ग्रेजुएट्स, कर्नाटक उत्तर-पूर्व टीचर्स और बेंगलुरु टीचर्स निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों के लिए वोट डाले गए। मतगणना 02 नवंबर को होगी।

बुधवार को सुबह 8 बजे से मतदान से शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक चला। प्रशासन ने मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के चाक चौबंद व्यवस्था कर रखी थी। मतदान केन्द्रों और आसपास के इलाकों में धारा 144 लागू कर दी गई। चुनाव आयोग ने चुनाव अधिकारियों को मास्क लगाना और सामाजिक दूरी का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देने के साथ ही मतदान केन्द्रों के पास चिकित्सकीय दलों को तैनात किया रखा। चुनाव आयोग के निर्देश पर मतगणना दो नवम्बर को होगी। इन चारों निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2.35 लाख मतदाता हैं।

इन चार सीटों के लिए 40 उम्मीदवार मैदान में हैं। दक्षिण-पूर्वी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के चिदानंद एम गौड़ा के मुकाबले कांग्रेस ने रमेश बाबू और जद(एस) ने आरसी रेड्डी थूपल्ली को उम्मीदवार बनाया है। कर्नाटक पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के एसवी शंकनूर और कांग्रेस के आरएम कुबेरप्पा के बीच मुख्य मुकाबला है। इसी तरह कर्नाटक उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के शशिजी नमोशी का कांग्रेस के शरनप्पा मत्तुर और जद (एस) टी पुरले के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के पुत्तन्ना, कांग्रेस के प्रवीण पीटर और जद(एस) के एपी रंगनाथन के बीच मुकाबला है।

उल्लेखनीय है कि अभी राज्य की विधान परिषद में भाजपा का बहुमत नहीं है। इस लिहाज से यह चुनाव भाजपा के लिए महत्वपूर्ण हैं। 75 सदस्यीय विधान परिषद में कांग्रेस के 28, भाजपा के 27 और जनता दल (एस) के 14 सदस्य हैं। जबकि एक निर्दलीय और एक अध्यक्ष हैं। राज्य की चार विधान परिषद कर्नाटक साउथ-ईस्ट ग्रेजुएट्स, कर्नाटक वेस्ट ग्रेजुएट्स, कर्नाटक नॉर्थ-ईस्ट टीचर्स और बैंगलोर टीचर्स के निर्वाचन की सीटें आर चड्डा रेड्डी थुपल्ली, एसवी संकानुर, शरणप्पा मत्तूर और पुत्न्ना के रिटायरमेंट से खाली हुई थीं।

Related Articles

Back to top button