अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर हल्द्वानी में उग्र प्रदर्शन, महिलाओं ने हाथों में दरांती लेकर दी चेतावनी

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर हल्द्वानी में उग्र विरोध महिलाओं ने दरांती लेकर प्रदर्शन, CBI जांच की मांग कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

Uttarakhand: अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड के हल्द्वानी में विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में सामने आए कथित ऑडियो के बाद यह मामला एक बार फिर गरमा गया है, जिससे आम लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में सामाजिक संगठनों और महिलाओं ने हल्द्वानी में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में दरांती लेकर सड़कों पर उतरीं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कड़ा विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

 

बुद्ध पार्क से एसडीएम कोर्ट तक निकाला गया जुलूस

प्रदर्शनकारियों ने बुद्ध पार्क से एसडीएम कोर्ट तक जुलूस निकाला। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की सच्चाई सामने लाने के लिए सीबीआई जांच बेहद जरूरी है।

 

ऑडियो में सामने आए नामों पर कार्रवाई की मांग

प्रदर्शन के दौरान कथित ऑडियो में जिन नेताओं के नाम सामने आए हैं, उन सभी पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, हालांकि पूरा प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

 

चेतावनी: कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज

प्रदर्शनकारियों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में शामिल एक महिला ने कहा, “अगर सरकार इस मामले में ईमानदारी से जांच नहीं कराती, तो हम सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे। अंकिता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।”

Related Articles

Back to top button