UPSC CSE 2025: AIR-113 को लेकर नया विवाद, बुलंदशहर और दिल्ली की ‘शिखा’ आमने-सामने
UPSC CSE 2025 के नतीजों के बाद AIR-113 को लेकर नया विवाद सामने आया। बुलंदशहर की शिखा ने नाम देखकर रैंक अपना मान लिया, बाद में गलती स्वीकार की। दिल्ली की शिखा के दस्तावेज सामने आने के बाद असली दावेदारी साफ हुई।

upsc: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के नतीजे आने के बाद रैंक को लेकर एक के बाद एक विवाद सामने आ रहे हैं। पहले AIR-301 को लेकर दो उम्मीदवारों के दावे ने चर्चा बटोरी थी, और अब ऑल इंडिया रैंक 113 को लेकर भी सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
बुलंदशहर की शिखा ने माना- नाम देखकर की थी गलती
AIR-113 को लेकर विवाद तब शुरू हुआ जब बुलंदशहर की शिखा ने भी इस रैंक का दावा कर दिया। हालांकि बाद में उन्होंने मीडिया के सामने आकर साफ किया कि असल में चयन किसी दूसरी शिखा का हुआ है। उन्होंने बताया कि दोनों का नाम एक जैसा होने के कारण भ्रम हो गया। उन्होंने रिजल्ट की पीडीएफ में केवल नाम देखा था, रोल नंबर नहीं देखा। इसी वजह से गलती से उन्होंने रैंक 113 अपना मान लिया।
‘चपरासी की बेटी’ वाली खबर से मना था जश्न
रिजल्ट घोषित होने के तुरंत बाद बुलंदशहर में यह खबर तेजी से फैल गई थी कि एक चपरासी की बेटी शिखा ने UPSC में ऑल इंडिया रैंक 113 हासिल की है। इस खबर के बाद परिवार, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने इसे बड़ी उपलब्धि मानते हुए जश्न भी मनाया था। लेकिन बाद में जब वास्तविक जानकारी सामने आई तो स्थिति साफ हुई कि चयन किसी दूसरी उम्मीदवार का हुआ है।
दिल्ली की शिखा ने किया असली रैंक का दावा
इस बीच दिल्ली की रहने वाली एक अन्य शिखा का नाम सामने आया, जिन्होंने दस्तावेजों के साथ AIR-113 हासिल करने का दावा किया। सोशल मीडिया पर उनके इंटरव्यू कॉल लेटर और रोल नंबर से जुड़े कागजात भी वायरल हुए। बताया जा रहा है कि दिल्ली की यह शिखा फिलहाल हरियाणा में BDO (ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर) के पद पर तैनात हैं।
इससे पहले AIR-301 पर भी हुआ था विवाद
UPSC CSE 2025 के नतीजों के बाद इससे पहले भी रैंक 301 को लेकर विवाद हुआ था। इस रैंक को लेकर दो उम्मीदवारों ने दावा किया था और दोनों का नाम आकांक्षा सिंह बताया गया था। बाद में स्पष्ट हुआ कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की आकांक्षा सिंह (रोल नंबर 0856794) ने AIR-301 हासिल की है।



