Up news: उत्तर प्रदेश में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा आधुनिक और सुरक्षित रूप

उत्तर प्रदेश में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा आधुनिक रूप। जर्मन कंपनी RAILONE GmbH के साथ ₹200 करोड़ का निवेश समझौता। नई तकनीक से ट्रेनों की रफ्तार, सुरक्षा और कनेक्टिविटी में सुधार होगा।

Up news: उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहे हैं। एक्सप्रेस-वे और हाईवे नेटवर्क के बाद अब सरकार रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को भी वैश्विक मानकों पर विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है। इसी कड़ी में राज्य सरकार ने जर्मनी की रेलवे कंपनी RAILONE GmbH के साथ ₹200 करोड़ का निवेश समझौता किया है। यह कदम राज्य में आधुनिक रेलवे ट्रैक और एडवांस टेक्नोलॉजी लाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

 

जर्मनी में हुआ समझौता

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जर्मनी का दौरा कर RAILONE GmbH की फैक्ट्री का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी के साथ MoU पर हस्ताक्षर किए। उपमुख्यमंत्री और उनकी टीम ने आधुनिक रेलवे ट्रैक बनाने की तकनीक और कंक्रीट स्लीपर तैयार करने वाली नई मशीनों का अवलोकन किया। कंपनी के अधिकारियों के साथ चर्चा में यह तय हुआ कि उत्पाद कैसे बनाए जाते हैं, उनकी क्वालिटी कैसे सुनिश्चित की जाती है और दुनिया में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के बेहतर तरीके कौन-कौन से अपनाए जा रहे हैं। सरकार का मानना है कि इस समझौते से उत्तर प्रदेश को आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय अनुभव मिलेगा, जिससे राज्य का रेलवे ढांचा और मजबूत और सुरक्षित बन सकेगा।

 

सीएम योगी की विजन से जुड़ा कदम

यह पहल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उस सोच का हिस्सा है, जिसके तहत राज्य को आधुनिक और मजबूत बुनियादी ढांचे से लैस करना लक्ष्य है। सरकार का फोकस सिर्फ सड़कों और एक्सप्रेस-वे तक सीमित नहीं है, बल्कि रेल नेटवर्क को भी सुरक्षित, टिकाऊ और तेज बनाने पर है। आधुनिक रेलवे ट्रैक तकनीक से ट्रेनों की रफ्तार, सुरक्षा और रखरखाव क्षमता में सुधार होगा। इससे माल ढुलाई और यात्री परिवहन दोनों में सकारात्मक असर पड़ेगा।

 

निवेश से बढ़ेगी कनेक्टिविटी और उद्योग

सरकार का कहना है कि यह निवेश राज्य में बेहतर कनेक्टिविटी और मजबूत परिवहन नेटवर्क तैयार करने में मदद करेगा। इससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए और अधिक आकर्षक गंतव्य बन सकेगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेश और तकनीकी सहयोग के लिए पूरी तरह तैयार है। जर्मन कंपनी के साथ यह साझेदारी राज्य को रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम साबित होगी।

Related Articles

Back to top button