बांदा में अनोखा विरोध: शादी छोड़ दूल्हा बैंड-बाजे के साथ DM ऑफिस पहुंचा
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में स्मार्ट मीटर की समस्या को लेकर एक हैरान कर देने वाला विरोध प्रदर्शन सामने आया है।

Up news: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में स्मार्ट मीटर की समस्या को लेकर एक हैरान कर देने वाला विरोध प्रदर्शन सामने आया है। शादी के दिन जहां दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर जाने की तैयारी करता है, वहीं यहां दूल्हा बारात लेकर सीधे जिला अधिकारी (DM) कार्यालय पहुंच गया। बैंड-बाजे के साथ पहुंचे बारातियों ने जमकर नारेबाजी की और बिजली बहाल करने की मांग उठाई।
मेहमान आए, और कट गई बिजली
मामला मटौंध थाना क्षेत्र के उजरेहटा गांव का है, जहां सोमवार को एक युवक की शादी थी। घर में मेहमानों का आना-जाना लगा था, तभी अचानक स्मार्ट मीटर के चलते बिजली कट गई। पूरे घर में अंधेरा छा गया, जिससे शादी का माहौल तनाव में बदल गया।
बारात लेकर DM ऑफिस पहुंचा दूल्हा
बिजली जाने से नाराज दूल्हा बारातियों और बैंड-बाजे के साथ सीधे DM ऑफिस पहुंच गया। उसके साथ बुंदेलखंड इंसाफ सेना के कार्यकर्ता भी मौजूद थे। दूल्हे ने प्रशासन से मांग की कि तुरंत बिजली बहाल की जाए और पुराने मीटर को फिर से लगाया जाए।
दूल्हे का दर्द: “बिना बिजली कैसे लाऊं दुल्हन?”
मीडिया से बात करते हुए दूल्हे ने कहा कि स्मार्ट मीटर की वजह से भारी-भरकम बिल आ रहा है और बिना बिजली के शादी करना मुश्किल है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस भीषण गर्मी में दुल्हन बिना बिजली के घर में कैसे रहेगी।
सरकार से उठी बड़ी मांग
बुंदेलखंड इंसाफ सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ए.एस. नोमानी ने मुख्यमंत्री Yogi Adityanath से पुराने मीटर दोबारा लगाने की मांग की। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं का शोषण हो रहा है और युवा वर्ग आर्थिक रूप से परेशान हो रहा है।
लगातार बढ़ रहा विरोध
उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि मीटर के कारण बिजली बिल अनियमित और ज्यादा आ रहा है, जिससे आम जनता की परेशानी बढ़ गई है।
News nasha insights
क्या स्मार्ट मीटर वाकई जनता के लिए परेशानी बनता जा रहा है या सिस्टम में सुधार की जरूरत है? अपनी राय हमें कमेंट में जरूर बताएं।
यह भी पढ़ें: सोना-चांदी में फिर गिरावट, जानें आपके शहर में आज के ताजा रेट



