अलीगढ़-बुलंदशहर से बनेगा नया जिला ‘कल्याण सिंह नगर’, शासन ने मांगी रिपोर्ट, तैयारी शुरू


उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ और बुलंदशहर के कुछ हिस्सों को मिलाकर ‘कल्याण सिंह नगर’ नामक नया जिला बनाने की तैयारी है। पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू के प्रस्ताव पर शासन ने दोनों जिलों के डीएम से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर नया जिला बनाए जाने की कवायद शुरू हो गई है। प्रस्तावित जिले का नाम ‘कल्याण सिंह नगर’ रखा जाएगा। इसे अलीगढ़ के अतरौली और गंगीरी तथा बुलंदशहर के डिबाई क्षेत्र को मिलाकर गठित किया जा सकता है।

इस प्रस्ताव को लेकर एटा के पूर्व सांसद और कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह राजू ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा था। पत्र में अतरौली में स्थित कल्याण सिंह के पैतृक गांव मढ़ौली और गंगीरी को नई तहसील बनाने की भी मांग की गई है। अब शासन स्तर से इस दिशा में औपचारिक कार्रवाई शुरू हो चुकी है।

राजस्व परिषद ने मांगी रिपोर्ट

राजस्व परिषद ने इस प्रस्ताव पर कार्रवाई करते हुए अलीगढ़ और बुलंदशहर दोनों जिलों के जिलाधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। शासन ने निर्देश दिया है कि नए जिले और तहसील गठन के लिए आवश्यक मानकों — जैसे जनसंख्या, भौगोलिक क्षेत्र, प्रशासनिक सुविधा आदि — पर संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारियों ने कहा है कि शासन के सभी बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है और समय पर रिपोर्ट भेज दी जाएगी।

राजवीर सिंह ने पत्र में रखे तर्क

राजवीर सिंह राजू ने पत्र में लिखा कि उनके पिता कल्याण सिंह ने अपना जीवन समाज सेवा और भाजपा को समर्पित किया था। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अतरौली विधानसभा से जीत दर्ज की और उत्तर प्रदेश को विकास की नई दिशा दी।
उन्होंने कहा कि अलीगढ़–बुलंदशहर के कई इलाके राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से सटे हैं, लेकिन अब भी विकास की दृष्टि से पिछड़े हैं। इसलिए इन क्षेत्रों को एकीकृत कर नया जिला बनाए जाने से विकास कार्यों में तेजी आएगी।

महापुरुषों के नाम पर जिला गठन की परंपरा

राजवीर सिंह ने कहा कि पूर्व में भी सरकारों ने महापुरुषों के नाम पर जिलों का गठन कर समाज के योगदानकर्ताओं को सम्मान दिया है। इसी परंपरा के तहत ‘कल्याण सिंह नगर’ जिले का गठन उचित कदम होगा।

Related Articles

Back to top button