मेरठ में पत्नी ने पति पर बोला खौफनाक वार, ब्लेड से काटा गुप्तांग — अस्पताल में भर्ती, तीनों पर केस दर्ज
मेरठ के मझोला क्षेत्र में पत्नी ने पति पर ब्लेड से हमला कर उसका गुप्तांग काट दिया। खून से लथपथ पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पत्नी, बेटे और बहू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मझोला थाना क्षेत्र में एक महिला ने घरेलू विवाद के दौरान अपने पति पर जानलेवा हमला कर उसका गुप्तांग ब्लेड से काट दिया। घायल व्यक्ति खून से लथपथ हालत में बाहर भागा, जिसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी समेत तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
घरेलू विवाद बना खूनी वारदात की वजह
घटना मझोला थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की है, जहां 55 वर्षीय व्यक्ति फर्म में काम करता है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 24 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे उसका अपनी पत्नी, बेटे और बहू से झगड़ा हो गया था। बात बढ़ने पर तीनों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी और जेब से पैसे निकाल लिए।
इसके बाद पत्नी उसे खींचकर अंदर कमरे में ले गई और ब्लेड से उसका गुप्तांग काट दिया। दर्द से चीखते हुए वह बाहर भागा तो मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने कराया अस्पताल में भर्ती, केस दर्ज
सूचना पर मझोला थाने की पुलिस पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर उसकी पत्नी, बेटे और पुत्रवधू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों की छानबीन की जा रही है।



