DGPUP खुद ले रहे प्रमोशन पाए PPS अफसरों का इंटरव्यू, क्या सवालों में फंसे अधिकारी? CO अनुज चौधरी भी लिस्ट में..

लखनऊ – उत्तर प्रदेश में हाल ही में प्रमोशन पाए PPS अफसरों की फील्ड पोस्टिंग अब जल्द होने वाली है। प्रमोशन के करीब एक महीने बाद भी तैनाती न मिलने पर सवाल उठ रहे थे, लेकिन अब डीजीपी राजीव कृष्ण ने खुद इन अफसरों के इंटरव्यू लेने शुरू कर दिए हैं। माना जा रहा है कि इंटरव्यू पूरा होने के बाद ही इनकी तैनाती का फैसला किया जाएगा।
8 अगस्त को हुआ था प्रमोशन
पिछले महीने 8 अगस्त को यूपी पुलिस के 20 PPS अफसरों को CO से एडिशनल एसपी पद पर प्रमोशन दिया गया था। इसमें 2007 बैच से लेकर 2012 बैच तक के अफसर शामिल हैं। इनमें अनुज कुमार चौधरी, शीतांशु कुमार, अभिषेक यादव, अमित कुमार राय, आनंद कुमार पांडेय, पूनम मिश्रा, अभिषेक कुमार सिंह समेत कई नाम शामिल हैं।
DGP ने पूछा – “कहां जाना चाहते हैं?”
सूत्रों के मुताबिक, डीजीपी राजीव कृष्ण ने इंटरव्यू के दौरान अफसरों से कई तरह के सवाल पूछे। उनसे पूछा गया कि अब तक कहां-कहां पोस्टिंग रही है? आपका सबसे अच्छा काम कौन सा रहा? आपकी सबसे मजबूत ताकत क्या है? इसके अलावा, अफसरों से यह भी पूछा गया कि वे आगे किस जिले या पद पर जाना चाहते हैं और उनके परिवार व बच्चों की पढ़ाई कहां हो रही है।
इंटरव्यू के दौरान डीजीपी के साथ एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश और एडीजी प्रशासन प्रशांत कुमार भी मौजूद रहे।
सिर्फ एक अफसर को अब तक पोस्टिंग
हालांकि, प्रमोशन के बाद अब तक सिर्फ पूनम मिश्रा को ही नई तैनाती मिली है। उन्हें गाजियाबाद से नोएडा ट्रांसफर किया गया है। बाकी अफसर अभी भी अपनी पोस्टिंग का इंतजार कर रहे हैं।
अनुज चौधरी पर सबकी नज़र
प्रमोशन पाए अफसरों में सबसे ज्यादा चर्चा अनुज कुमार चौधरी की हो रही है। 2012 बैच के इस अफसर ने कई बार अपने साहसिक कामों और कड़े फैसलों की वजह से सुर्खियां बटोरी हैं। यही वजह है कि प्रमोशन के बाद अब उनकी पोस्टिंग को लेकर सबसे ज्यादा अटकलें लगाई जा रही हैं। पुलिस महकमे में माना जा रहा है कि अनुज चौधरी को किसी बड़े जिले में जिम्मेदारी मिल सकती है।
PPS से IPS बने अफसर भी कर रहे इंतजार
सिर्फ PPS अफसर ही नहीं, बल्कि हाल ही में IPS में प्रमोट हुए अफसर भी पोस्टिंग का इंतजार कर रहे हैं। इनमें अनिल कुमार, संजय कुमार द्वितीय, बृजेश कुमार गौतम, आनंद कुमार द्वितीय, ममता रानी चौधरी, अशोक कुमार, शैलेंद्र कुमार सिंह, अनिल कुमार झा समेत कई नाम शामिल हैं।
इनमें से कुछ को तैनाती भी मिल चुकी है। जैसे नरेंद्र प्रताप सिंह को शामली का एसपी बनाया गया है और प्रवीण रंजन सिंह को नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी की जिम्मेदारी दी गई है।
जल्द पूरी होगी तैनाती प्रक्रिया
पुलिस मुख्यालय के सूत्रों का कहना है कि इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सभी प्रमोटेड अफसरों को उनकी काबिलियत और जरूरत के हिसाब से तैनाती दी जाएगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पोस्टिंग की बड़ी सूची जारी की जाएगी।



