यूपी हाई अलर्ट पर: ‘जुमे की नमाज के बाद..’ – ‘I Love मोहम्मद’ पर मौलाना तौकीर रजा की सीधी चेतावनी! बरेली बना छावनी..

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद के बाद जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राज्यभर में मस्जिदों के बाहर पुलिस फोर्स की तैनाती बढ़ा दी गई है। जगह-जगह फ्लैग मार्च और चेकिंग अभियान चल रहे हैं।
बरेली में छावनी जैसे हालात
बरेली को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया है। बाहरी जिलों से फोर्स मंगाई गई है। करीब 5000 पुलिसकर्मी, 15 कंपनी पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है। साथ ही आठ ड्रोन टीमों के जरिए निगरानी रखी जा रही है।
तौकीर रजा का ऐलान और प्रदर्शन
IMC अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा ने घोषणा की है कि वह जुमे की नमाज नौमहला मस्जिद में अदा करेंगे। इसके बाद इस्लामिया ग्राउंड में धरना-प्रदर्शन होगा और डीएम के जरिए राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन पूरी जिम्मेदारी और अमन-शांति के साथ किया जाएगा।
कानपुर में शहर काजी ने की अपील
कानपुर के शहर काजी अब्दुल कुद्दूस हादी ने लोगों से अपील की है कि कोई भी विरोध प्रदर्शन न करें। उन्होंने कहा कि “आई लव मोहम्मद विवाद” ने देशभर का माहौल खराब किया है। ऐसे में जिम्मेदार लोग बच्चों को जुलूस निकालने से रोकें और शांति बनाए रखें।
मेरठ में भी कड़ा पहरा
मेरठ प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। शाही जामा मस्जिद के बाहर दो आरएएफ कंपनियां तैनात की गई हैं। अन्य मस्जिदों के आसपास भी भारी पुलिस बल लगाया गया है। ड्रोन से निगरानी, फुट पेट्रोलिंग और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।
पुलिस का साफ संदेश
बरेली में दरगाह आला हजरत के पास पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। वहीं तौकीर रजा के घर के बाहर भी अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है।
विवाद की जड़
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि दर्ज एफआईआर “आई लव मोहम्मद” स्लोगन पर नहीं, बल्कि पोस्टर फाड़ने की घटना पर की गई है। इसके बावजूद माहौल संवेदनशील देखते हुए सुरक्षा बढ़ाई गई है।



