बड़ी खबर: ‘I Love मोहम्मद’ पर यूपी में बवाल! इंस्पेक्टर की वर्दी नोची, तोड़फोड़-पथराव और पुलिस का लाठी चार्ज!

उन्नाव जिले में रविवार रात ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद को लेकर भारी बवाल हो गया। कानपुर की घटना के विरोध में बिना परमिशन के जुलूस निकाला गया। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो नारेबाजी, धक्का-मुक्की और फिर पथराव शुरू हो गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

इंस्पेक्टर की वर्दी से नोच लिए स्टार

मामला गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के मनोहर नगर का है। प्रदर्शनकारियों ने गंगाघाट कोतवाली प्रभारी अजय कुमार सिंह की वर्दी के स्टार तक नोच लिए। पुलिस ने मौके से 6 लोगों को हिरासत में लिया। बवाल के दौरान महिलाओं और पुरुषों की बड़ी संख्या शामिल रही।

हालात काबू में लाने के लिए भारी फोर्स तैनात

बवाल की सूचना मिलते ही गंगाघाट, सदर और अचलगंज थाने से फोर्स बुलाया गया। दंगा नियंत्रण वाहन और पीएसी के जवानों को भी मौके पर तैनात किया गया। सीओ मधुपनाथ मिश्र और सीओ सोनम सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालात को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

सोशल मीडिया पोस्ट से भड़की भीड़

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और फिर निकाले गए जुलूस से तनाव फैला। पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति लिए जुलूस निकाला गया था। ASP उत्तरी अखिलेश सिंह ने बताया कि 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है और मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

कानपुर में कैसे शुरू हुआ विवाद?

यह विवाद कानपुर के रावतपुर से शुरू हुआ था। 4 सितंबर को बारावफात के मौके पर ‘आई लव मोहम्मद’ का साइन बोर्ड लगाया गया। 5 सितंबर को हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया और इसे नई परंपरा बताया। दोनों पक्षों में नारेबाजी और टकराव हुआ। पुलिस ने हालात संभाले, लेकिन 10 सितंबर को 25 लोगों पर FIR दर्ज की गई।

FIR के खिलाफ विरोध और रैलियां

FIR दर्ज होने के बाद मुस्लिम समुदाय ने कई जगह प्रदर्शन किए। 19 सितंबर को कानपुर में जुलूस निकाला गया और FIR वापस लेने की मांग की गई। इसी कड़ी में लखनऊ, बरेली, आगरा, भदोही समेत 30 शहरों में विरोध प्रदर्शन हुए।

ओवैसी का बयान और बढ़ा विवाद

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने एक्स पर लिखा कि “आई लव मोहम्मद लिखना जुर्म नहीं है, अगर है तो इसकी हर सजा मंजूर है।” उनके बयान के बाद विवाद और गरमाया तथा प्रदेश के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए।

Related Articles

Back to top button