उप्र में श्रमिकों को आधार कार्ड की तर्ज पर दिया जायेगा यूनीफाइड नम्बर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुनील भराला ने कहा कि प्रदेश के कारखानों एवं वाणिज्यिक दुकानों में काम करने वाले श्रमिकों को आधार कार्ड की तर्ज पर यूनीफाइड नम्बर दिया जायेगा। श्रमिकों की समस्याओं का समाधान करने के लिए जनसुनवाई कार्यक्रम भी जनपदों में आयोजित किये जायेंगे, जिसकी शुरूआत गौतम बुद्ध नगर से की जायेगी।

श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष श्री भराला ने परिषद की 74वीं बैठक में कहा कि सेवायोजकों को आनलाइन पंजीयन करने के लिए सुविधा प्रदान की गई है। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिया गया है कि पंजीयन का लाभ सेवायोजक अधिक से अधिक उठायें। इसके लिए उन्हें प्रेरित भी किया जाए।

भराला ने बताया कि श्रम कल्याण परिषद की तीन नई योजनाओं को बोर्ड द्वारा पारित कर दिया गया है। इसमें महादेवी वर्मा श्रमिक पुस्तक क्रय योजना, स्व. चेतन चौहान खेल सहायता योजना तथा स्वामी विवेकानन्द धार्मिक एवं पर्यटन यात्रा योजना शामिल है। इन योजनाओं के तहत कारखानों में कार्यरत श्रमिक की पुत्रियों को स्नातक एवं परास्नातक की पढ़ाई के लिए किताब-कापियों की खरीद के लिए आर्थिक सहायता प्रदान किया जाएगा। श्रमिकों के पुत्र-पुत्रियों को जिला, राज्य, राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय खेलों में चयन होने पर आर्थिक सहायता दी जायेगी। इसी प्रकार प्रदेश के ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों का श्रमिकों को भ्रमण भी करवाया जाएगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि 10 नवम्बर, 2020 को राष्ट्रऋषि दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के जन्म शताब्दी वर्ष के समापन अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ भारत सरकार के श्रम मंत्री संतोष गंगवार व पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री प्रह्लाद पटेल को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाए। उन्होंने इस अवसर पर प्रकाशित होने वाली स्मारिका के प्रकाशन कार्यों में भी तेजी लाने के भी निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button