नैतिकता के आधार पर पद छोड़ें उद्धव और देशमुख : भातखलकर

मुंबई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अतुल भातखलकर ने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार अर्नब गोस्वामी मामले में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और गृहमंत्री अनिल देशमुख को नैतिकता के आधार पर तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।
भातखलकर ने कहा कि रायगढ़ पुलिस ने अर्नब को बुधवार सुबह जबरन गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में राज्य सरकार के वकील ने अर्नब को पुलिस हिरासत में भेजने की मांग की, लेकिन इस मामले में राज्य सरकार के वकील कोई भी नया सबूत पेश नहीं कर सके। इसी वजह से कोर्ट ने अर्नब को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश से यह साफ हो गया कि अर्नब के विरुद्ध पुलिस के पास कुछ नहीं है। पुलिस ने यह सब राज्य सरकार के कहने पर किया। राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस की भूमिका सिर्फ बदले की भावना तक ही सीमित है। भातखलकर ने कहा कि कोर्ट का आदेश राज्य सरकार एवं पुलिस के मुंह पर तमाचा है। इसी वजह से अब मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को नैतिकता के आधार पर तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।

Related Articles

Back to top button