यूपी से पालघर के दो आरोपित गिरफ्तार

मुंबई। पालघर की बोईसर पुलिस ने एक महिला की फोटो से छेड़छाड़ करने वाले दो आरोपियों को यूपी के जौनपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से न्यायालय ने आरोपियों को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम ब्रजेश कुमार गौतम (39) विकास कुमार (18) है। मिली जानकारी के अनुसार बोईसर में रहने वाली एक महिला की डीपी पर लगी फोटो को लेकर आरोपियों ने उस फोटो से छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल की थी। जिसके बाद पीड़ित महिला ने पूरे मामले की शिकायत बोईसर पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई थी। पुलिस मामले में आईटी एक्ट की धारा 66 (C) और 67 के तहत केस दर्ज कर जांच में जुटी थी। इसी बीच बोईसर के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रदीप कसबे ने पुलिस की एक टीम को जौनपुर भेजकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदीप कसबे खुद मामले की जांच कर रहे है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल और भी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मुख्य आरोपी और छुटभैया नेता ब्रजेश कुमार गौतम जौनपुर जिले के मछली शहर तहसील मथुरा मतरी गाव में रहता है।

Related Articles

Back to top button