यूपी के बहराइच में दर्दनाक हादसा, कौड़ियाला नदी में नाव पलटने से 22 लोग लापता


बहराइच में कौड़ियाला नदी में नाव पलटने से 22 लोग लापता हो गए। 26 सवारों में से 4 लोग तैरकर बच निकले। तेज बहाव और अंधेरे के कारण रेस्क्यू अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन तेज किया।

बहराइच: बहराइच जिले के कतर्नियाघाट क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। कौड़ियाला नदी में ग्रामीणों से भरी नाव पलट जाने से 22 लोग लापता हो गए। बताया जा रहा है कि भरथापुर गांव के करीब 26 ग्रामीण लखीमपुर खीरी जनपद के खैरटिया बाजार से रोजमर्रा की खरीददारी करके लौट रहे थे। अचानक नदी में तेज बहाव के कारण नाव असंतुलित होकर पलट गई।

चार लोग तैरकर बच निकले

नाव पर सवार 26 लोगों में से चार ग्रामीणों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। सुरक्षित बचे लोगों की पहचान लक्ष्मी नारायण, रानी देवी, ज्योति और हरिमोहन के रूप में हुई है। वहीं नाव चालक मिहींलाल सहित 22 लोग अभी तक लापता हैं। लापता लोगों में गांव के निवासी और कुछ मेहमान भी शामिल बताए जा रहे हैं।

तेज बहाव बना हादसे की वजह

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में चौधरी चरण सिंह घाघरा बैराज के गेट खोले जाने से नदी का जलस्तर और बहाव काफी बढ़ गया है। यही वजह है कि नाव तेज धारा में संतुलन खो बैठी। ग्रामीणों ने बताया कि भरथापुर गांव नदी के पार और घने जंगल के बीच स्थित है, जिससे लोगों की आवाजाही नाव पर ही निर्भर रहती है।

सर्च ऑपरेशन जारी

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम मिहींपुरवा रामदयाल, तहसीलदार और थानाध्यक्ष सुजौली प्रकाश चंद्र शर्मा राहत टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर रात तक सर्च ऑपरेशन जारी रहा। नदी के तेज बहाव और अंधेरे के कारण बचाव अभियान में दिक्कतें आ रही हैं।

Related Articles

Back to top button