वाराणसी होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़, पुलिस देख खिड़की से कूदीं दो रशियन युवतियां

वाराणसी के होटल शरीन इन में देह व्यापार का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस छापेमारी के दौरान दो रशियन युवतियां खिड़की से कूदकर भाग निकलीं। चार युवतियां पकड़ी गईं। होटल संचालक व मैनेजर के खिलाफ केस दर्ज कर फॉरेंसिक जांच शुरू की गई।

वाराणसी: वाराणसी के छावनी क्षेत्र स्थित होटल शरीन इन टाउन सिटी में बुधवार दोपहर पुलिस ने देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ किया। सूचना मिलने पर कैंट पुलिस ने होटल में छापा मारकर चार युवतियों को हिरासत में लिया। इस दौरान दो रशियन युवतियां पीछे के कमरे की खिड़की से कूदकर भाग निकलीं। पुलिस ने होटल के कमरे से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है और भागी हुई विदेशी युवतियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस कार्रवाई और जांच

डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार के निर्देशन में एडीसीपी नीतू, एसीपी कैंट नितिन तनेजा और कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने यह संयुक्त कार्रवाई की। टीम के पहुंचने की जानकारी मिलते ही होटल में अफरातफरी मच गई। दो रशियन युवतियों ने खुद को कमरे में बंद किया और बाद में खिड़की से कूदकर भाग निकलीं। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं, जिनमें दोनों विदेशी युवतियों के भागने की तस्वीरें कैद हैं।

होटल संचालक और मैनेजर पर केस दर्ज

एडीसीपी नीतू ने बताया कि स्थानीय लोगों से लगातार सूचना मिल रही थी कि होटल में देह व्यापार होता है और विदेशी युवतियों को बुलाया जाता है। छापे में चार युवतियां पकड़ी गईं, जिनमें तीन पश्चिम बंगाल की और एक स्थानीय निवासी है। होटल ओयो नेटवर्क के साथ टाई–अप के तहत संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने होटल संचालक, मैनेजर और एक अन्य युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

फॉरेंसिक जांच और आगे की तफ्तीश

होटल के रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और जब्त मोबाइल फोनों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह का संचालन कहां से किया जा रहा था और रशियन युवतियां कैसे यहां पहुंचीं।

Related Articles

Back to top button