आज सीएम योगी समेत पूरा मंत्रिमंडल होगा एक साथ, जानिए वजह

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सीएम योगी आदित्यनाथ सहित सभी मंत्रियों को गुरुवार को लखनऊ में आयोजित रात्रिभोज पर बुलाया

लखनऊ. दूसरे कार्यकाल में सत्ता संभालने के बाद राजभवन में पहला मौक़ा है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सीएम योगी आदित्यनाथ सहित सभी मंत्रियों को गुरुवार को लखनऊ में आयोजित रात्रिभोज पर बुलाया है  जब पूरा योगी मंत्रिमंडल एक साथ होगा। इससे पहले शपथ ग्रहण के बाद राजभवन में रात्रिभोज का आयोजन नहीं हो सका था। इस मौके पर दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित अन्य सभी मंत्रिमंडल के सदस्यों को रात्रिभोज पर आमंत्रित किया है। बताया जा रहा है कि शाम 7 बजे से मंत्रियों के राजभवन पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजधानी लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी थी। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए थे। इस अवसर पर राज्यपाल ने 2 उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। उन्होंने मुख्यमंत्री की ही मंत्रणा से नियुक्त किए गए 16 कैबिनेट मंत्रियों 14 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा 20 राज्य मंत्रियों को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई थी।

37 वर्षों में यह पहली बार

योगी के 52 सदस्यीय मंत्रिमंडल में सबसे कम उम्र के मंत्री पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पोते संदीप सिंह हैं, जिनकी उम्र 30 वर्ष है। वह हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में अपने दादा की पारम्परिक सीट अतरौली से जीते हैं। जबकि योगी कैबिनेट में सबसे ज्‍यादा उम्र के मंत्री 70 वर्षीय डॉक्टर अरुण कुमार सक्सेना हैं, जो कि तीसरी बार बरेली से जीते हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी से 7 मार्च 2022 तक सात चरणों में विधान सभा चुनाव हुए थे। सात चरणों में हुए चुनाव में भाजपा ने 403 में 255 जीतीं। भाजपा गठबंधन ने 403 में से 273 सीटों पर जीत दर्ज की। 37 वर्षों में यह पहली बार था जब भाजपा लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत से जीत हासिल की है।

Related Articles

Back to top button