CM नीतीश के कैबिनेट में शाहनवाज हुसैन समेत इन नामों पर लग सकती है अंतिम मुहर, देखें List

नई दिल्ली : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के मंत्रिमंडल में एक-दो दिनों में विस्तार देखने को मिल सकता है। जेडीयू ने अपने संभावित मंत्रियों के नाम लगभग तय कर लिए हैं। नीतीश कैबिनेट में बीजेपी से शामिल होने वाले नए मंत्रियों की सूची पर भी बनकर तैयार हो चुकी है, इस सूची पर अंतिम मुहर लगनी बाकी है। नए मंत्रियों का नाम स्पष्ट होने के तुरंत बाद कैबिनेट विस्तार की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

इन नामों पर लग सकती है अंतिम मुहर

नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नेताओं में कई नाम चर्चा में हैं, जिनमें से एक बीजेपी के दिग्गज नेता शाहनवाज हुसैन का नाम भी है। इसके अलावा संजय सरावनी सम्राट चौधरी, संजीव चौरसिया, भागीरथी देवी, नीतीश मिश्रा, प्रमोद कुमार, राणा रणधीर सिंह, कृष्ण कुमार ऋषि, राम प्रवेश राय और संजय सिंह का नाम है। हालांकि, मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नेताओं के लिस्ट में पार्टी फेरबदल भी कर सकती है।

राज्य मंत्रिमंडल का जल्द विस्तार होगा- नीतीश कुमार

दरअसल, मंत्रिमंडल के विस्तार की खबर को हवा तब मिली जब खुद सीएम नीतीश कुमार ने बीते सोमवार को स्पष्ट किया कि राज्य मंत्रिमंडल का जल्द विस्तार होगा। नीतीश ने पटना में जेडीयू (JDU) कार्यालय में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से इस संवंध में वार्ता भी की। संवाददाताओं ने जब मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में सवाल पूछे तो नीतीश ने कहा, मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द होगा। इस संबंध में बातचीत चल रही है। गठबंधन में सब कुछ ठीक है। कहीं कोई समस्या नहीं है।’

इन लोगों को बुलाया गया सीएम आवास पर

उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार जब भी होगा तो सबको इसकी जानकारी मिल जायेगी। मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर सत्ताधारी दल भाजपा और जदयू के बीच खींचतान की चर्चा के बीच रविवार को राज्य के भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी को नीतीश ने अपने आधिकारिक निवास पर बुलाया था। बैठक में इस मुद्दे पर मतभेद खत्म हो जाने की बात सामने आयी थी लेकिन दोनों दलों के बीच किस ‘फार्मूले’ पर सहमति बनी इस बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं है।

सत्ताधारी राजग में कुल चार घटक दल

बिहार में सत्ताधारी राजग में कुल चार घटक दल भाजपा, जेडीयू, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी शामिल है। बिहार राज्य मंत्रिमंडल में वर्तमान में भाजपा के दो उपमुख्यमंत्री सहित सात सदस्य हैं जबकि मुख्यमंत्री के अलावा जेडीयू के केवल चार मंत्री हैं। मांझी की पार्टी से उनके पुत्र और विकासशील इंसान पार्टी से सहनी को भी मंत्रिमंडल में स्थान दिया गया है।

Related Articles

Back to top button