अभी भी कांप रहा है पूरा उत्तर भारत, सबके जुबान पर एक ही सवाल कब मिलेगी राहत

नई दिल्ली। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के कारण पूरा उत्तर भारत कांप रहा है। हांडकंपाती ठंड से लोगों का जीना मुहाल है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग अभी कुछ दिन ऐसे ही हालात की ओर इशारा कर रहा है। दिल्ली में कोहरे और कम दृश्यता के कारण कई उड़ानों में देरी हो रही है। कोहरे के कारण उत्तर रेलवे क्षेत्र में 6 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

कानपुर में शीतलहर का प्रकोप जारी है। शीतलहर और ठंड के चलते ऑटो चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक ऑटो चालक ने बताया, “इस समय ट्रेनें बहुत देरी से चल रही है और ठंड के चलते यात्री निकल ही नहीं रहे हैं। कई बार बोहनी भी नहीं हो पाती।”

मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू, हिमाचल प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में 23 और 24 जनवरी को तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 19 जनवरी को घना कोहरा व रात के समय हल्की बारिश होने की संभावना है। 23 जनवरी से 25 जनवरी के बीच फिर से बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा भी चलेगी। दिल्ली में मंगलवार को एक दो इलाके में गंभीर शीत लहर की स्थिति रही। इस कारण से न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे ठंडा इलाका लोदी रोड का रहा, यहां न्यूनतम तापमान 2.0, रिज में 2.2, जाफरपुर में 2.3, आया नगर में 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गुरूग्राम में 2.4, गाजियाबाद में 5.7, नोएडा में तीन डिग्री दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button