सीटों पर फंसे पेंच सुलझाने दिल्ली गए प्रदेश भाजपा के नेता

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव का बिगुल भले बज गया हो लेकिन एनडीए में अबतक सीटों का बंटवारा संभव नहीं हो सका है। एनडीए और महागठबंधन दोनों में सीटों को लेकर पेंच फंसा हुआ है। अभी भी भाजपा और जदयू के बीच एक दर्जन से अधिक सीटों पर पेंच फंसा हुआ है। जदयू की तरफ से भाजपा की कई परंपरागत सीटों पर दावा किया जा रहा है। अब विस सीटों पर फंसा पेंच सुलझाने को लेकर बिहार प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता रविवार की शाम दिल्ली शिफ्ट कर गए हैं। रविवार की शाम ही दिल्ली में पार्टी की अहम बैठक का आयोजन किया गया है।

एनडीए में उलझे पेंच को सुलझाने दिल्ली पहुंचे बिहार प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल और संगठन महामंत्री दिल्ली चले गए हैं। इन दो नेताओं के अलावा कई अन्य नेता भी दिल्ली जा रहे हैं जबकि दिल्ली में पहले से ही बिहार भाजपा प्रभारी भूपेन्द्र यादव और केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय मौजूद हैं। भाजपा की इस हाईलेवल बैठक में सीटों पर फंसे पेंच को सुलझाने की पूरी कोशिश होगी। साथ ही, गठबंधन के घटक दलों लोजपा और जीतनराम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के लिए भी सीटों पर सहमति बन सकती है।

Related Articles

Back to top button