सपा नेता धर्मेंद्र यादव ने नागरिकता विरोध की हिंसा में मारे गए लोगों के परिवारों को दिए 5 लाख

बीते 20 दिसंबर को जुम्मे की नमाज के बाद उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हुए हिंसक प्रदर्शन के दौरान 2 मृत और 3 घायल हो गए थे। इसके बाद 30 दिसंबर को समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं ने मृतकों और घायलों के घर जाकर हालत का जायज़ा लिया था। इसके बाद 19 जनवरी को भी समाजवादी पार्टी के नेता धर्मेंद्र यादव उनके घर पहुंचे और मुआवज़ा दिया। धर्मेंद्र यादव ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख और घायल ओम राज को 50 हज़ार की धनराशि दी।

पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने दोनों मृतक, सुलेमान और अनस के घर जाकर उनके परिजनों को 5-5 लाख रुपए का चेक दिए। उन्होंने बताया कि 20 दिसंबर को हुई हिंसा में आघात लोगों से मिलने अखिलेश यादव भी लखनऊ, कानपुर और फ़िरोज़ाबाद पहुंचे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि और घायलों की जानकारी मिलते ही वे उन सभी पीड़ितों से मिलने जायेंगे।

गौरतलब है कि 20 दिसंबर को जुम्मे की नमाज़ के बाद बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र के मंगू चरखी मोहल्ले में प्रदर्शन के दौरान हिंसा होने की खबर आई थी। इस हिंसा में कई लोगों के घायल होने की खबर आई थी। साथ ही इस हिंसा में 2 मुस्लिम लड़के, सुलेमान और अनस की मृत्यु हो गई थी। सुलेमान की मृत्यु को लेकर उसके भाई शोएब ने पुलिस के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। इसको लेकर पुलिस अधिकारी ने कहा था कि सुलेमान को लगी गोली एक पुलिसकर्मी ने भीड़ से आत्मरक्षा में चलाई थी।

ज़हीर अहमद की रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button