महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के दिन सोनिया का आरएसएस पर हमला

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर कांग्रेस ने दिल्ली में पदयात्रा निकाली। पदयात्रा के समापन पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर हमला बोला। सोनिया गांधी ने कहा कि कुछ लोग आज RSS को देश का प्रतीक बनाना चाहते हैं, लेकिन ये संभव नहीं है। हमारे देश की नींव में गांधी के विचार हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि महात्मा गांधी ने पूरी दुनिया को अहिंसा का रास्ता अपनाने की प्रेरणा दी। आज भारत जहां पहुंचा है वह गांधी के रास्ते पर चलकर पहुंचा है। सोनिया ने कहा कि गांधी का नाम लेना आसान है लेकिन उनके रास्ते पर चलना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के रास्ते से हटकर अपनी दिशा में ले जाने वाले पहले भी कम नहीं थे। पिछले कुछ वर्षों में साम-दाम-दंड-भेद का खुला कारोबार करके वे अपने आपको बहुत ताकतवर समझते हैं। हालंकि इन सभी के बावजूद भारत नहीं भटका क्योंकि हमारे मुल्क में गांधी के विचारों की आधारशिला है।

मोदी सरकार पर साधा कड़ा निशाना

सोनिया गाँधी ने कहा कि आजकल कुछ लोगों ने गांधी के विचारों उल्टा करने की कोशिश की है। कुछ लोग चाहते हैं कि गांधी नहीं RSS देश का प्रतीक बन जाए। लेकिन ऐसा नहीं हो सकता है। सोनिया गांधी ने कहा कि जो असत्य पर आधारित राजनीति कर रहे हैं, वो कैसे समझेंगे कि गांधी सत्य के पुजारी थी।

जिन्हें अपनी सत्ता के लिए सबकुछ करना मंजूर है वो कैसे समझेंगे कि गांधी अहिंसा के पुजारी थे। जिन्हें मौका मिलते ही अपने आप को सर्वेसर्वा बनाने की आदत हो, वो गांधी के निस्वार्थ का मूल्य कैसे समझेंगे। उन्होंने कहा कि कि नेहरू-इंदिरा-राजीव-नरसिम्हा और मनमोहन सिंह ने देश को तरक्की के नाम पर ले जाने का काम किया है। लेकिन आज किसान बदहाल हैं, युवा बेरोजगार हैं, माताएं-बहनें सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि पिछले कुछ सालों में भारत की जो हालत हुई है, उसे देखकर गांधीजी की आत्मा काफी दुखी होगी।

Related Articles

Back to top button