SIR की आखिरी तारीख बढ़ी: अब 11 दिसंबर तक भर सकेंगे फॉर्म
चुनाव आयोग ने SIR की आखिरी तारीख बढ़ाई अब 11 दिसंबर तक भर सकेंगे फॉर्म मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया तेज़

SIR: चुनाव आयोग की तरफ से एक बड़ी राहत दी गई है। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की आखिरी तारीख बढ़ा दी गई है। पहले SIR फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर 2025 थी, जिसे अब बढ़ाकर 11 दिसंबर 2025 कर दिया गया है। फिलहाल देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में SIR की प्रक्रिया जारी है, और बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर नागरिकों से जरूरी फॉर्म भरवा रहे हैं ताकि वोटर लिस्ट को अपडेट किया जा सके।
SIR प्रक्रिया की नई टाइमलाइन
इस विस्तारित समय सीमा के साथ अब BLO द्वारा घर-घर सत्यापन 11 दिसंबर 2025 तक चलेगा। पोलिंग बूथ का पुनर्गठन भी इसी तारीख तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद कंट्रोल टेबल का अपडेट और ड्राफ्ट रोल तैयार करने की प्रक्रिया 12 से 15 दिसंबर 2025 तक चलेगी। ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल 16 दिसंबर को प्रकाशित किया जाएगा, जिसके बाद 15 जनवरी 2026 तक दावा और आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी। इसी अवधि के दौरान नोटिस जारी करने, सुनवाई, सत्यापन और फैसले की प्रक्रिया ERO द्वारा समानांतर रूप से चलाई जाएगी, जिसका अंतिम निपटारा 7 फरवरी 2026 तक होगा। इसके बाद 14 फरवरी 2026 को इलेक्टोरल रोल का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
SIR का असली मकसद क्या है?
SIR का उद्देश्य वोटर लिस्ट को शुद्ध और सटीक बनाना है। इस प्रक्रिया के जरिए फर्जी और डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान करके उन्हें लिस्ट से हटाया जाता है। जिन लोगों के नाम वोटर लिस्ट में एक से अधिक बार दर्ज हैं, उनकी एंट्रियों को भी सुधारा जाता है। हाल ही में बिहार विधानसभा चुनाव से पहले हुए SIR में करीब 47 लाख फर्जी नाम हटाए गए थे। SIR का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि अंतिम मतदाता सूची पूरी तरह साफ, अपडेटेड और भरोसेमंद हो।



