मौलाना मदनी के बयान पर भड़के मुफ्ती रजवी, कहा– समाज को बांटने की कोशिश
मदनी के विवादित बयान पर बढ़ा विवाद मुफ्ती रज़वी ने कहा– मुस्लिमों को भड़काने की कोशिश समुदाय से शांति बनाए रखने की अपील

ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के चीफ मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। रजवी ने मदनी के ‘‘जुल्म हुआ तो जिहाद होगा’’ वाले बयान को उकसाने वाला बताया और कहा कि यह समाज में बंटवारा पैदा करने वाला है और मुस्लिम समुदाय को भड़काने की कोशिश करता है। रजवी बरेलवी का कहना है कि देश का हर मुस्लिम सुप्रीम कोर्ट समेत सभी अदालतों पर पूरा विश्वास रखता है। उन्होंने कहा कि संसद जनता के हित में काम करती है और कोई भी सरकार संविधान के दायरे में रहकर ही योजनाएं बनाती है।
मौलाना मदनी ने ऐसा क्या कहा था?
भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में मौलाना महमूद मदनी ने शनिवार को दावा किया था कि बाबरी मस्जिद फैसले समेत कई निर्णयों के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि कोर्ट सरकारों के दबाव में काम कर रही हैं। मदनी ने यहां तक कहा कि अगर सुप्रीम कोर्ट अपना कर्तव्य पूरी तरह नहीं निभा पा रहा है, तो वह ‘सुप्रीम’ कहलाने का हकदार नहीं है।
वक्फ को लेकर मदनी की चेतावनी
यही नहीं, मदनी ने वक्फ संपत्तियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वक्फ हमारी विरासत है और इसे खत्म होते नहीं देखा जा सकता। उन्होंने बताया कि जमीयत ने जॉइंट पार्लियामेंट्री कमेटी में इसके विरोध में अपनी बात रखी थी। मदनी ने सरकार को धार्मिक मामलों में दखलअंदाजी न करने की चेतावनी दी और कहा कि वे अपने अधिकारों की लड़ाई आखिरी सांस तक लड़ेंगे।
मदनी उकसाने की कोशिश कर रहे हैं: मुफ्ती रजवी
मदनी के इन बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा कि भारत के करोड़ों मुसलमान सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का सम्मान करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौलाना मदनी जानबूझकर मुस्लिम समुदाय को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं और देश में मौजूद अमन-शांति के माहौल को खराब करना चाहते हैं।
मुस्लिमों से मुफ्ती रजवी की अपील
मुफ्ती रजवी बरेलवी ने मदनी के बयान की कड़े शब्दों में निंदा की और मुस्लिम समुदाय से अपील की कि वे ऐसे विवादित और भ्रम फैलाने वाले बयानों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि समाज को तोड़ने वाले बयानों पर ध्यान न दें और देश में शांति बनाए रखने में सहयोग करें।



