बड़ी खबर: अखिलेश यादव ने खून से लतपत पति-पत्नी और बेटी को पहुंचाया अस्पताल, सड़क पर तड़प रहे थे

इटावा में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल पति-पत्नी और उनकी बेटी की मदद के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव खुद सड़क पर उतर आए। रक्षाबंधन के मौके पर अपने पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे अखिलेश ने 50-60 गाड़ियों का काफिला रुकवाया और घायलों को तुरंत अपनी फ्लीट की एंबुलेंस से सैफई मेडिकल कॉलेज भिजवाया।


तेज रफ्तार डस्टर ने मारी जोरदार टक्कर

जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी अपनी 15 वर्षीय बेटी के साथ बाइक से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार डस्टर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़प रहे थे। उसी दौरान सैफई से इटावा जा रहे अखिलेश यादव का काफिला वहां से गुजर रहा था।


काफिला रुकवाकर ली स्थिति की जानकारी

घटनास्थल देखकर अखिलेश यादव ने तुरंत अपनी कार रुकवाई और घायलों के पास पहुंचे। काफिले में पीछे चल रहे सीओ सैफई रामगोपाल शर्मा को उन्होंने घटना की जानकारी दी। मौके पर मौजूद लोगों और काफिले के सदस्यों ने मिलकर डस्टर चालक को गाड़ी समेत पकड़ लिया।


रक्षाबंधन पर पारिवारिक कार्यक्रम में जा रहे थे अखिलेश

दरअसल, अखिलेश यादव अपने चाचा स्वर्गीय राजपाल यादव के घर इटावा में रक्षाबंधन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। राजपाल यादव का 7 महीने पहले निधन हो चुका है और इस मौके पर पूरा यादव परिवार इकट्ठा हो रहा था। अखिलेश शुक्रवार शाम लखनऊ से सैफई पहुंचे थे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, एक खिलाड़ी को सम्मानित किया और महिलाओं से राखी बंधवाई थी।


घटना के बाद 10 मिनट में फिर आगे बढ़ा काफिला

सैफई से करीब 8 किमी आगे इटावा-मैनपुरी मार्ग के तिराहे पर हादसा देखने के बाद अखिलेश ने घायलों को अपनी वीआईपी एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया और पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। घायलों की स्थिति की जानकारी लेने के बाद उनका काफिला लगभग 10 मिनट में आगे बढ़ गया।


इटावा में जुटा यादव परिवार

इटावा की फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित घर पर अखिलेश यादव के साथ डिंपल यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव, सांसद आदित्य यादव समेत पूरा परिवार मौजूद रहा। अखिलेश के बेटे अर्जुन यादव, बेटियां टीना और अदिति यादव भी अपनी मां के साथ कार्यक्रम में शामिल हुईं।

Related Articles

Back to top button