शिवपुरी : विकास की बजाय विनाश करने वाली कांग्रेस को घर बिठाएं, शिवराज जी का विकल्प नही: पवैया

शिवपुरी। कांग्रेस पार्टी की सरकारें विनाश का पर्याय बन गई हैं और भाजपा की सरकार जैसा विकास नहीं कर पाती। कांग्रेस ने 15 महीने के शासन में प्रदेश का विनाश कर दिया। गरीबों की योजनाएं बंद कर दीं और हमारे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी के लिए कमलनाथ कह रहे हैं कि वे नारियल लेकर घूमते हैं। भाजपा के नारियल में से हमेशा सत्य का अमृत निकलता है। यह बात मंगलवार को पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया ने करैरा विधानसभा के नरवर मंडल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।

पवैया ने कमलनाथ द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज जी की एक्टर से तुलना करने पर कहा कि वह उनसे से ईष्या करते हैं, किसी भी मंच की सीढियां बिना सहारे के उतरकर बताएं, अब उनका भजन पूजन का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि 15 महीने जब कांग्रेस की सरकार प्रदेश में रही तो करैरा क्षेत्र में विकास का पत्थर तक नहीं लगा। ऐसे लोग हमारे मुखिया शिवराज सिंह जी के बारे में कह रहे हैं कि वे जेब में नारियल लेकर घूमते हैं। कमलनाथ जी नहीं जानते कि भाजपा के नारियल से सत्य का अमृत निकलता है और लोग भरोसा करते हैं। कमलनाथ जी मंगरौनी में यदि नारियल का झाड़ भी लेकर आएं तो लोग विश्वास नहीं करेंगे। इसलिए अब तो यह तय हो गया है कि कांग्रेस मतलब विनाश और भाजपा मतलब विकास। शिवराज जी मुख्यमंत्री हैं और सभी योजनाएं शुरु हो गई हैं। मप्र में शिवराज जी का कोई विकल्प नहीं है।

पवैया ने कहा कि एक समय था जब भाजपा जनसंघ थी और उस समय पार्टी से कोई पार्षद का टिकट लेने को तैयार नहीं होता था। बाद में भाजपा बनी और अब लोग इसमें शामिल होने के लिए आतुर हैं। यही कारण है कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल हो गया है। अब जसवंत जाटव अपने समर्थकों के साथ भाजपा में आए हैं और परिवार पहले से ज्यादा बड़ा हो गया है। भाजपा वो पार्टी है, जिसके जिसका एक कार्यकर्ता पूरी दुनिया में आशा का केन्द्र बना है। जब वह कार्यकर्ता अमेरिका की धरती पर कदम रखता है तो वहां के राष्ट्रपति ट्रंप की चमक भी फीकी पड़ जाती है। उस कार्यकर्ता का नाम है नरेन्द्र मोदी और अब सभी लोग ऐसी महान पार्टी से जुड़ गए हैं। इसलिए अब लोगों की जिम्मेदारी है कि अब विकास चाहिए तो कांग्रेस का पुनर्जन्म नहीं होने दें । इस कार्यकर्ता सम्मेलन में करैरा के प्रत्याशी जसवंत जाटव, विधानसभा प्रभारी व पूर्व विधायक केके श्रीवास्तव, करैरा के पूर्व विधायक रमेश खटीक, जिला महामंत्री राजकुमार खटीक जिला उपाध्यक्ष हेमंत ओझा युवा मोर्चा अध्यक्ष मुकेश चौहान सहित कई अन्य नेता उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button