शिमला : खाई में कार गिरने से एक की मौत, चार घायल

शिमला। चौपाल उपमंडल के तहत ग्लू क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। गुरुवार रात्रि 1:15 बजे हुए इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए। घायलों को चौपाल अस्पताल में भर्ती किया गया है। मृतक की पहचान चौपाल के चौकी गांव निवासी मोहन सिंह (45) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार कार (एचपी 08ए-4347) से चौपाल के पांच लोग मध्यरात्रि को सैंज से चौपाल की तरफ आ रहे थे, तभी ग्लू के पास रियूनी नामक स्थान पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से फिसलकर 10 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू किया। पांचों को घायलावस्था में चौपाल अस्पताल पहुंचाया। जहां मोहन सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों की पहचान चालक आकाश चंदेल, भारत भूषण, सुशील नेगी और जितेंद्र के रूप में हुई है।

डीएसपी चौपाल राजकुमार ने शुक्रवार को बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं मामला दर्ज कर दुघर्टना के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button