कोरोना वायरस के मद्देनजर यूपी सहारनपुर महानगर को किया गया सैनिटाइज

  • मेयर व नगरायुक्त ने लिया सफाई व्यवस्थाओं का जायजा
  • सफाई के साथ हर रोज छह वार्डों में फॉगिंग व कीटनाशकों का छिड़काव भी जारी

 

सहारनपुर। सहारनपुर लॉक डाउन के बीच सोमवार को भी नगर निगम ने युद्ध स्तर पर सफाई के अलावा पूरे शहर को सैनेटाईज़ करने का अभियान चलाया। मेयर संजीव वालिया ने जहां निगम के गैराज पर पहुंच कर सफाई व्यवस्थाओं और संसाधनों के बारे में जानकारी ली वहीं नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने शहर के विभिन्न हिस्सों में घूम-घूमकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और सफाई नायकों व सफाई कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

नगर निगम द्वारा महानगर में लगातार युद्ध स्तर पर सफाई व फॉगिंग के अलावा आज महानगर को सैनेटाईज़ करने के लिए तीन गाड़ियां सड़कों पर उतारी गयी। नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ.ए के त्रिपाठी व मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर के नेतृत्व में इन गाड़ियों द्वारा सड़कों पर सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव किया गया ताकि सड़कों के अलावा वातावरण में किसी भी तरह के वायरस का खात्मा किया जा सके। डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि तीनों गाड़िया पूरे दिन महानगर में निरंतर छिड़काव करेंगी। हमारा उद्देश्य किसी एक गली या सड़क को नहीं बल्कि पूरे महानगर को सैनेटाईज करना है। उधर फॉगिंग अभियान के तहत रविवार की शाम से हर रोज महानगर के छह वार्डो में फॉगिंग शुरु कर दिया गया। रविवार को वार्ड 7, 8, 9, 10, 11 व 12 में फॉगिंग की गयी। अभी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

उधर अपनी जान की परवाह न करते हुए सहारनपुर लॉक डाउन के बीच सोमवार को भी निगम के करीब दो हजार सफाई कर्मियों ने महानगर में सफाई अभियान चलाया और विभिन्न क्षेत्रों में कीटाणुनाशक व एंटी लार्वा रसायनों का छिड़काव किया। नगरायुक्त ज्ञानेंन्द्र सिंह ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर स्वयं सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और सफाई नायकों व सफाई कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश देने के अलावा सफाई कर्मियों की हौसला अफजाई की। नगरायुक्त ने बताया कि नगर निगम ने कोरोेना वायरस से लड़ने के लिए पूरी तरह कमर कस रखी है। निगम अपने समूचे संसाधनों के साथ महानगर को कोरोना से बचाव के लिए मैदान में है। निगम के करीब दो हजार सफाई कर्मी सफाई व कूड़ा उठान के लिए शहर में लगे हैं। पांच लोडर, 12 ट्रक, एक दर्जन टैम्पू, चार सौ से ज्यादा रिक्शा रेहडे़ भी सफाई कार्य में लगाए गए हैं। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

उधर मेयर संजीव वालिया ने भी आज निगम के गैराज पहुंचकर सफाई कार्य में लगे निगम के संसाधनों और सफाई व्यवस्था की जानकारी ली और गैराज प्रभारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। संजीव वालिया ने बताया कि निगम के पास महानगर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पर्याप्त संसाधन है और उनका भरपूर उपयोग कर युद्ध स्तर पर सफाई अभियान व कीटाणु-जीवाणु नाशकों का छिड़काव आदि कार्य कराया जा रहा है। मेयर संजीव वालिया व नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे भी इस मुश्किल घड़ी में अपने दायित्व को समझे और गलियों व सड़कों पर कूड़ा न डालकर घर पहुंचने वाले सफाई कर्मियों को ही कूड़ा दें और निगम को सहयोग करें।

Related Articles

Back to top button