पाकिस्तान में फिलहाल आयोजित नहीं होगी सार्क शिखर वार्ता

नई दिल्ली। पाकिस्तान के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) की शिखर वार्ता अपने यहां आयोजित करने के प्रयास पर फिलहाल पानी फिर गया है।
सार्क के मौजूदा अध्यक्ष के रूप में पाकिस्तान को 19वीं सार्क शिखर वार्ता का आयोजन करना है। पाकिस्तान प्रयास करता रहा है कि वार्ता जल्द से जल्द इस्लामाबाद में आयोजित की जाए।
आतंकवाद के बारे में भारत के सख्त रुख के कारण पाकिस्तान सार्क में अलग-थलग पड़ा रहा है तथा वह शिखर वार्ता आयोजन कर अपना असर बढ़ाने की फिराक में है।
सार्क विदेश मंत्रियों की गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक आयोजित हुई, जिसमें पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने शिखर वार्ता आयोजित करने कि अपनी पेशकश को दोहराया। हालांकि सदस्य देशों ने पाकिस्तान के इस प्रस्ताव के प्रति कोई गर्मजोशी नहीं दिखाई। अन्य देशों का कहना था कि कोरोना वायरस के कारण शिखर वार्ता आयोजित करने का यह उचित अवसर नहीं है। सभी देश इस महामारी का मुकाबला करने के प्रयास में जुटे हैं।
विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार शिखर वार्ता जल्द आयोजित करने का पाकिस्तान का प्रस्ताव आम राय नहीं बनने के कारण स्वीकार नहीं किया गया।

Related Articles

Back to top button