आर.एस. पुरा : नम आंखों से लोगों ने शहीद राइफलमैन शुभम शर्मा को दी अंतिम विदाई

आर.एस. पुरा। कश्मीर घाटी के नौगांव में एलओसी पर पाकिस्तान द्वारा की गई गोलाबारी के दौरान मोर्टार का शैल लगने से शहीद हुए उपिजला आर.एस. पुरा के सीमावर्ती क्षेत्र सुचेतगढ़ की पंचायत फ्लोरा के गांव शेखे चक के राइफलमैन शुभम शर्मा का शुक्रवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
उनकी माता, पिता, भाई व बहन सहित हजारों की संख्या में रिश्तेदारों व लोगों ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी। उनके अंतिम संस्कार में सीमावर्ती क्षेत्र सहित हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। यहां उनके परिवार और आस-पड़ोस के लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। सेना ने उन्हेें बंदूकों से सलामी दी। जैसे ही शहीद शुभम शर्मा का पार्थिक शरीर कुल्लियां पहुंचा। वहां पर पहले से ही हजारों की संख्या में मोटरसाइकिल से पहुंचे युवाओं ने हाथ में तिरंगे लिए शहीद शुभम शर्मा अमर रहे के नारे लगाए और शहीद की गाड़ी के आगे लंबी रैली निकालते हुए उनके गांव तक आए।
वहां से आर्मी की गाड़ी पर तिरंगे में लिपटे शुभम शर्मा का पार्थिव शरीर गुजरने पर लोगों ने उन पर फूल बरसाए और ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘शुभम शर्मा अमर रहे’ के नारे भी लगाए। कश्मीर घाटी में वीरवार को शहीद हुए शुभम शर्मा का पार्थिव शरीर शुक्रवार को उनके पैतृकगांव शेखे चक पहुंचा। जैसे ही शव पैतृक गांव की ओर जाता दिखाई दिया वैसे ही हर व्यक्ति शुभम के घर की ओर जाता नजर आया। शहीद के अंतिम दर्शन पाने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा।
हर आंख में आंसू थे, तो दिल में पाकिस्तान के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश। लोगों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाने के साथ भारत माता की जय के जयघोष भी लगाए। दोपहर को शहीद को गांव के श्मशान घाट की ओर ले जाया गया। करीब 2 किलोमीटर तक लंबी शव यात्रा में जन सैलाब उमड़ पड़ा। शहीद को लोगों ने गम और गुस्से के बीच नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। शुक्रवार दोपहर शहीद की अंतिम यात्रा पैतृक गांव शेखे चक से निकली, तो शहीद की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कदम-कदम पर पुष्प वर्षा की जा रही थी। अंतिम यात्रा का कारवां बढ़ता जा रहा था। अंतिम यात्रा जैसे ही गांव श्मशान घाट पहुंची, वहां पहले से मौजूद हजारों लोगों ने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी। शुक्रवार को छोटे भाई गौरव शर्मा ने मुखाग्नि दी। इस मौके पर मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना, पूर्व मंत्री शाम चौधरी, एसएसपी जम्मू श्रीधर पाटिल, नगर पालिकाध्यक्ष सतपाल पप्पी, नव निर्माण पार्टी के प्रधान जसमेर सिंह चौहाला, एसपी हेड क्वाटर आदिल हमीद, एसडीपीओ आरएसपुरा शबीर खान आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button