प्रयागराज में अजगर ने नीलगाय को निगला, दो दिन में तीन जानवरों पर हमला — वन विभाग ने किया रेस्क्यू
प्रयागराज के ग्रामीण इलाकों में दो विशाल अजगरों ने दो नीलगाय और एक बकरी को निगल लिया। गोपालपुर और हंडिया में मची दहशत के बाद वन विभाग ने दोनों अजगरों को रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा।

प्रयागराज: प्रयागराज के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों एक विशाल अजगर का आतंक फैला हुआ है। गंगापार क्षेत्र में पिछले दो दिनों में दो अजगरों ने तीन जानवरों को अपना शिकार बना लिया। रविवार को उतरांव थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में धान के खेत में 15 फीट लंबा अजगर नीलगाय को निगलता हुआ देखा गया।
गांव के लोगों ने बताया कि अजगर ने पहले नीलगाय को अपने फंदे में जकड़ा और कुछ ही मिनटों में उसका दम घुट गया। इसके बाद अजगर ने धीरे–धीरे पूरी नीलगाय को निगल लिया। ग्रामीणों ने इस दृश्य का वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना से इलाके में दहशत फैल गई।
वन विभाग ने किया रेस्क्यू, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जाल बिछाकर अजगर को पकड़ लिया। टीम ने बताया कि यह अजगर अत्यंत भारी और लंबाई में करीब 15 फीट का था। उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन विभाग का आभार जताया।
पहले दिन निगली बकरी, हंडिया में दिखा दूसरा अजगर
इससे एक दिन पहले शनिवार को हंडिया के हरिपुर बिन्दा गांव में भी एक विशाल अजगर देखा गया था। इस अजगर ने खेत में एक बकरी को निगल लिया और संघर्ष कोचिंग सेंटर के पास सड़क किनारे रेंगता हुआ खेत की ओर चला गया। वन विभाग की टीम ने इस अजगर को भी रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा।



