पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू, 72 घंटे तक चलेगा अभियान

पंजाब पुलिस ने गैंगस्टरों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू किया 72 घंटे का अभियान, 12 हजार पुलिसकर्मी मैदान में विदेश में बैठे गैंगस्टरों पर भी शिकंजा, रेड कॉर्नर नोटिस जारी

पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा एक्शन शुरू कर दिया है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि 20 जनवरी की सुबह ‘ऑपरेशन प्रहार’ की शुरुआत की गई है। इस अभियान में 2000 से अधिक पुलिस टीमें और करीब 12 हजार अधिकारी-कर्मचारी जुटे हुए हैं। ऑपरेशन लगातार 72 घंटे तक चलेगा, जिसमें गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क पर सीधी कार्रवाई की जाएगी। डीजीपी ने साफ चेतावनी दी है कि पंजाब में या पंजाब से बाहर बैठे किसी भी गैंगस्टर को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यह गैंगस्टरों के खिलाफ निर्णायक जंग है।

गैंगस्टरों की सूचना के लिए हेल्पलाइन जारी

पुलिस ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए गैंगस्टरों और उनके गुर्गों की जानकारी देने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 9394 693 946 जारी किया है। कोई भी व्यक्ति इस नंबर पर कॉल कर या सूचना देकर पुलिस की मदद कर सकता है।

विदेश में बैठे गैंगस्टरों के लिए ‘आफ्टेक’ सेल

पंजाब पुलिस ने विदेशों में छिपे गैंगस्टरों पर शिकंजा कसने के लिए ‘आफ्टेक’ नाम से एक नया विशेष सेल बनाया है। डीजीपी के मुताबिक, इस समय करीब 60 गैंगस्टर विदेशों में बैठे हैं, जिन्हें भारत लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इनमें से 23 गैंगस्टरों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है।

नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत अब तक, 31,527 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, 42,251 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों की मदद करने वाले लोग भी सावधान हो जाएं, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। इसके साथ ही अवैध तरीके से पासपोर्ट बनवाने वाले ट्रैवल एजेंटों पर भी पुलिस की नजर है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

2025 में भी बड़ी कार्रवाई

डीजीपी ने जानकारी दी कि “साल 2025 में 992 गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया गया। मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों पर नशे के खिलाफ अभियान चलाया गया, जिसमें 45,000 से ज्यादा नशा तस्करों को पकड़ा गया है।” पंजाब पुलिस का साफ संदेश है, अब यह ‘वार ऑन गैंगस्टर’ है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button