प्रियंका गांधी ने सीएम योगी पर बोला हमला, ट्वीट कर कही ये बात

प्रियंका गांधी ने लगाया गंभीर आरोप, 24 घंटे का दिया अल्‍टीमेटम

लखनऊ: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सीएम योगी आदित्‍यनाथ पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने एक ट्वीट के जरिए यूपी में हर दिन दलितों के खिलाफ 34 आपराधिक घटनाएं होने का आरोप लगाया। उन्‍होंने अमेठी के मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्‍टीमेटम दिया है।

प्रियंका गांधी ने एक के बाद एक दो ट्वीट में  लिखा कि अगर 24 घंटे के अंदर इस अमानवीय कृत्य को करने वाले अपराधियों को नहीं पकड़ा गया तो कांग्रेस पार्टी जोरदार आंदोलन करके आपको जगाने का काम करेगी। उन्‍होंने अपना पहला ट्वीट सीएम योगी आदित्‍यनाथ को सम्‍बोधित करते हुए लिखा कि आपके राज में हर रोज दलितों के खिलाफ औसतन 34 अपराध की घटनाएं होती हैं, और 135 महिलाओं के ख़िलाफ़, फिर भी आपकी कानून व्यवस्था सो रही है।

16 साल की एक दलित लड़की की पिटाई

दरअसल अमेठी में 16 साल की एक दलित लड़की की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। इस वीडियो में लड़की को दो लड़के जमीन पर पैरों से कुचलते दिख रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

अधिकारियों में हड़कंप मच गया

गौरतलब है कि अमेठी से सोशल मीडिया में वायरल हुए वीडियो में एक लड़की को दो लड़के डंडों से पीटते और जमीन पर लिटाकर पैरों से कुचलते नज़र आ रहे हैं। इस दौरान वहां कुछ महिलाएं भी नज़र आ रही है जो आरोपियों को रोकने की बजाए इस क्रूरता में उनका साथ दे रही है। वीडियो के बारे में जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए पीड़िता के पिता से सम्‍पर्क करके तहरीर ली और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है। मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र के फुलवारी गांव का है। बताया जा रहा है कि यहां के रहने वाले सूरज सोनी के घर से कुछ दिनों पहले दो मोबाइल फोन चोरी हो गए थे। कहा जा रहा है कि लड़की के साथ मारपीट इसी घटना को लेकर की गई।

अमेठी के डीएसपी अर्पित कपूर ने बताया कि तीन आरोपियों सूरज सोनी, शिवम और साकाल के खिलाफ पुलिस ने पाक्‍सो एक्‍ट, एससी-एसटी एक्‍ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उन्‍हें पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। डीएसपी कपूर ने कहा कि पीड़िता संग्रामपुर पुलिस थाने के एक गांव की रहने वाली है। जबकि यह वारदात रायपुर फुलवारी कस्‍बे में हुई। उन्‍होंने दावा किया कि जल्‍द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button