प्रतापगढ़ : ससुराल से गायब महिला का शव खेत में मिला, हत्या की आशंका

प्रतापगढ़। जनपद के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार एक महिला का शव खेत में पड़ा मिला। महिला बीते चार दिनों से लापता थी। परिवार के लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी बेटी की हत्या कर शव ससुराल वालों ने गायब कर दिया है। पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन कर रही थी।

संग्रामगढ़ थानाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि ऊपर से देखने पर महिला के शरीर पर चोट के निशान दिखाई नहीं दे रहे हैं। हालांकि पोस्‍टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

मानिकपुर थाना क्षेत्र के मऊदारा गांव निवासी शिव कुमार पटेल ने अपनी बेटी गुड़िया की शादी बीते फरवरी माह 2019 में संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के आमीपुर गांव निवासी विजय कुमार के साथ की थी। शादी के बाद गुड़िया ने एक बेटे को जन्म दिया। पिछले बुधवार की सुबह विजय ने शिव कुमार के मोबाइल पर फोन करके बताया कि गुड़िया घर से गायब हो गई है। बेटी के ससुराल से गायब होने की सूचना मिलते ही स्वजन उसके घर पहुंचे और उसकी खोजबीन शुरू की। लेकिन, कहीं पता नहीं चला। मायके वालों ने गुड़िया की हत्‍या की आशंका जताई थी।

मायके वालों ने संग्रामगढ़ पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी बेटी की हत्या कर शव ससुराल वालों ने गायब कर दिया है। पुलिस ने मामले में गुमशुदगी दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी। रविवार को ग्रामीणों ने गांव के किनारे मस्जिद के बगल खेत में गुड़िया का शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना पर एसओ संग्रामगढ़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका का एक वर्ष का बेटा है।

Related Articles

Back to top button