इन्वेस्टर राउंड टेबल में बोले PM मोदी- महामारी से पीड़ित दुनिया के विकास का इंजन बनेगा भारत

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत कोरोना महामारी के बाद विश्व अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने के काम में विकास के ईंजन का काम करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिए आयोजित दुनियाभर के निवेशकों के एक वर्चुअल वैश्विक निवेशक राउंड टेबल 2020 को संबोधित किया। इसमें दुनिया के 20 शीर्ष संस्थागत निवेशकों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि एक मजबूत और जीवंत भारत विश्व की अर्थव्यवस्था को स्थायित्व प्रदान करने वाला माध्यम बनेगा। भारत वैश्विक विकास के इंजन को दोबारा गति देने के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि निवेश के लिहाज से भारत एक आकर्षक गंतव्य है जिससे निवेशकों को लाभांवित होना चाहिए। उन्होंने निवेशकों में भरोसा जताते हुए कहा कि भारत लोकतंत्र, स्थिरता और हरित दृष्टि के साथ आगे बढ़ रहा है। भारत में निवेश के लिए उपयुक्त लोकतंत्र, जनसांख्यिकी और मांग के साथ-साथ विविधता मौजूद है। यह ऐसी विविधता है जो कई बाजारों में मिलती है। भारत में यह विविधता एक स्थान पर विभिन्न आय वर्गों और पसंद के साथ मौजूद है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में कृषि क्षेत्र में किए गए बदलाव से निवेशकों के किसानों के साथ जुड़ने के नए अवसर खुले हैं। आधुनिक तकनीक और आधुनिक प्रसंस्करण उपायों के साथ भारत कृषि निर्यात हब के तौर पर जल्द ही उभरने वाला है। आज के समय में निवेशक पर्यावरण, समाज और प्रशासनिक दृष्टिकोण के आधार पर कंपनियों में निवेश कर रहे हैं। भारत में पहले से ही एक तंत्र और उच्च मानदंडों वाली कंपनियां दोनों मौजूद हैं।

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत में कहा कि वैश्विक महामारी की स्थिति में दुनिया ने भारत की असल शक्ति देखी है। यह दौर भारतीयों के जिम्मेदारी, भागीदारी, एकता और नवाचार से जुड़े गुणों को दुनिया के सामने लाया है। भारत ने आर्थिक महामारी के इस दौर में भी बीमारी से लड़ते हुए आर्थिक विकास सुनिश्चित कर अपनी व्यवस्था का लचीलापन दर्शाया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत केवल एक संकल्पना नहीं है, बल्कि एक पूरी तरह से नियोजित आर्थिक रणनीति है। यह रणनीति उद्योगों के जरिए कामगारों को कौशल प्रदान कर भारत को दुनिया का उत्पादन पावर हाउस बनाना चाहती है।

Related Articles

Back to top button