पटना : महिलाओं संग पाप करना कितना खतरनाक होता है, बाद में पता चलेगाः नीतीश

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को लालू के समधि और ऐश्वर्या के पिता चंद्रिका राय के पक्ष में परसा विधानसभा क्षेत्र के डेरनी में चुनावी सभा को संबोधित किया। लोगों का समर्थन मांगा और महिलाओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश की। मंच पर मौजूद लालू की बहू ऐश्वर्या की तरफ इशारा करते हुए नीतीश ने कहा कि महिलाओं का अपमान बिहार की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। इतनी पढ़ी-लिखी महिला हैं। इनके साथ अच्छा नहीं हुआ। लालू और तेजप्रताप का नाम लिये बगैर कहा कि इस तरह का व्यवहार करना अभी दिखाई नहीं पड़ेगा, लेकिन भविष्य में दिखाई देगा। बाद में पता चलेगा कि महिलाओं के साथ पाप करना कितना खतरनाक होता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हासिये पर रखा गया था। हम लोगों को मौका मिला तो नगर निकायों और पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया। जो लड़कियां पढ़ नहीं पाती थीं उनके लिए साइकिल और पोशाक योजना चलाई गई। पहले पूरे बिहार में नौवीं क्लास में एक लाख 70 हजार से भी कम लड़कियां पढ़ती थीं। अब लड़के और लड़कियों की संख्या बराबर हो गई है। मैट्रिक में तो लड़कों से ज्यादा लड़कियों ने परीक्षा दी है। इस मौके पर जदयू प्रत्याशी चंद्रिका राय ने समधी लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधा। कहा, ऐश्वर्या के साथ जो हुआ, उसे बिहार की जनता भुला नहीं सकती है।

मेरे पिता को जिताएं और नीतीश को सीएम बनाएः ऐश्वर्या

इससे पहले ऐश्वर्या ने नीतीश का पैर छूकर आशीर्वाद लिया और सभा को भी संबोधित किया। कहा, मेरे पिता को तीर छाप पर बटन दबा कर जिताएं और नीतीश कुमार को सीएम बनाएं। यह परसा के मान-सम्मान की बात है।

लोगों ने लगाये लालू यादव जिंदाबाद के नारे

चंद्रिका राय के पक्ष में नीतीश कुमार जनसभा संबोधित कर ही रहे थे कि अचानक वहां मौजूद कुछ लोग लालू जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। वहीं कुछ लोगों ने चारा चोर लालू यादव जिंदाबाद के नारे भी लगाये। सभा में नारेबाजी सुनकर नीतीश भड़क कहा, कौन अनाप-शनाप बोल रहा है जी। जरा हाथ उठाओ तो, यहां ये सब हल्ला-गुल्ला मत करो। तुमको अगर वोट नहीं देना है तो मत दो, लेकिन हल्ला मत करो। जिसके लिए आए हो उसका वोट और बर्बाद करोगे। वो हमारे ही साथ था, छोड़कर भाग गया उधर।

Related Articles

Back to top button