खेसारी पर ‘नचनिया’ टिप्पणी पर ओम प्रकाश का पलटवार, बीजेपी-नीतीश पर जमकर बरसे
समाजवादी पार्टी विधायक ओम प्रकाश सिंह ने खेसारी यादव पर “नचनिया” टिप्पणी का करारा जवाब दिया और बीजेपी-नीतीश पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने छठ घाटों के विकास और महंगाई, बेरोजगारी को प्रमुख चुनावी मुद्दे बताया।

गाजीपुर: बिहार विधानसभा चुनाव जैसे–जैसे नजदीक आ रहे हैं, सियासी बयानबाजी तेज होती जा रही है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और जमानिया के विधायक ओम प्रकाश सिंह ने राजद उम्मीदवार खेसारी लाल यादव को लेकर दिए गए “नचनिया” बयान पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा, “अगर खेसारी नचनिया हैं, तो हेमा मालिनी कौन सी सीता मैया हैं?” ओम प्रकाश ने कहा कि खेसारी गरीब परिवार से हैं और भोजपुरी में बोलते हैं, इसलिए विरोधियों को वे ‘नचनिया’ लगते हैं, जबकि अंग्रेजी बोलने वाला कलाकार लगता है। उन्होंने कहा कि खेसारी ने मुंबई में रहकर बिहार का नाम रोशन किया है।
छठ पूजा को लेकर घोषणा
ओम प्रकाश सिंह ने छठ पर्व की तैयारियों को लेकर अपनी सक्रियता का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अगर सत्ता में आई तो समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव से आग्रह कर राज्य के हर तालाब, पोखरे और गंगा घाट को पक्का करवाया जाएगा, ताकि छठ जैसे पर्व को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिल सके।
बीजेपी और एनडीए पर हमला
बीजेपी पर तीखे प्रहार करते हुए ओम प्रकाश सिंह ने कहा, “ये लोग मामा मारीच के वंशज हैं, जो भेष बदलकर जनता को ठगते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जीएसटी कम करने की बात करती है, लेकिन सीमेंट और कपड़े जैसे सामान महंगे हो गए हैं। उन्होंने इसे जनता के साथ छलावा बताया।
बेरोजगारी और महंगाई को बताया मुख्य मुद्दा
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे। किसानों को खाद न मिलना भी बड़ी समस्या है। ओम प्रकाश ने कहा कि जनता अब झूठे वादों से तंग आ चुकी है और बदलाव के लिए तैयार है।
नीतीश कुमार पर निशाना
नीतीश कुमार पर व्यक्तिगत हमला बोलते हुए ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि “बिहार का दुर्भाग्य है कि उसे ऐसा मुख्यमंत्री मिला जिसे दो साल से याद नहीं कि वह कर क्या रहा है।” उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति को न पद मिलना चाहिए, न प्रतिष्ठा।



