Noida Police का करिश्मा: 7-सीटर ‘इनोवा’ पर ‘ट्रिपलिंग’ का चालान! न्यूज़ चैनल की मालिक बोलीं – “अब कार में भी हेलमेट पहनूंगी”

नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनका सिस्टम ‘हाईटेक’ नहीं बल्कि ‘हाय-टेक्निकल गलती’ पर चलता है। NewsNasha चैनल की ओनर विनीता यादव जी को 5 अगस्त की सुबह एक ई-चालान का मैसेज मिला। आरोप? “Two wheeler par teen सवारी बिठाने का जुर्म!”
लेकिन हकीकत ये है कि जिस गाड़ी का चालान काटा गया, वो कोई बाइक नहीं बल्कि टोयोटा इनोवा 7-सीटर कार है। जी हाँ, अब इनोवा पर भी ‘ट्रिपलिंग’ का ठप्पा लग गया है।

बाइक की फोटो, कार पर चालान – वाह री टेक्नोलॉजी!

चालान में फोटो लगी है एक बाइक की, जिस पर तीन लड़के बैठे हैं। लोकेशन बताई गई है सेक्टर-107, नोएडा और गाड़ी का नंबर लिखा है UP16 xx 3330। लेकिन असली कहानी ये है कि इस नंबर वाली गाड़ी है एक नई-नवेली इनोवा कार, जो पिछले 2-3 महीने पहले ही खरीदी गई है।
अब सवाल ये कि पुलिस के कैमरे और सिस्टम में बाइक-कार में फर्क करना बंद हो गया है या चालान मशीन भी ‘डाइटिंग’ पर है?

घर पर खड़ी इनोवा, बाहर घूमती चालान में!

विनीता यादव जी की इनोवा पिछले कई दिनों से चालान वाली लोकेशन से गुजरी तक नहीं है। लेकिन 5 अगस्त की सुबह 9 बजे अचानक मैसेज आया – “आप ट्रिपलिंग करते पकड़े गए, 1000 रुपए जमा करें।”
लगता है नोएडा पुलिस का सिस्टम इतना तेज है कि घर पर खड़ी कार भी ट्रिपलिंग कर सकती है

ट्रैफिक पुलिस का टैलेंट या टेक्निकल टुटपुँजिया?

अब ये ट्रैफिक पुलिस का ‘टैलेंट’ है या टेक्निकल खामी – कहना मुश्किल है। पर इतना तो साफ है कि अगर 7-सीटर कार पर भी ट्रिपलिंग का इल्जाम लग सकता है, तो कल को ट्रक पर हेलमेट न पहनने का चालान भी आ सकता है।

आम जनता की हालत सोचिए

विनीता यादव जी तो मीडिया में हैं, अपनी आवाज उठा सकती हैं। लेकिन सोचिए, अगर यही चालान किसी आम आदमी पर आ जाए तो?
1000 रुपए का जुर्माना, ऊपर से सिस्टम की गलती साबित करने के लिए SP ऑफिस के चक्कर – यानी बिना गलती के भी इंसान को सज़ा भुगतनी पड़ेगी।

“अंधाधुंध ई-चालान सेवा”

नोएडा पुलिस ने इस केस से साबित कर दिया है कि उनके चालान सिस्टम का नया नाम होना चाहिए – “अंधाधुंध ई-चालान सेवा”
जहाँ बाइक, कार, स्कूटी, ट्रक – सब पर किसी भी वक्त कुछ भी आरोप लगाया जा सकता है।
बधाई हो! अब इनोवा भी ‘ट्रिपलिंग’ कर सकती है।

Related Articles

Back to top button