Nikki Bhati की मौत फिर बनी पहेली, नए सबूतों ने पलट दिया पूरा केस.. सब आए रडार पर! जानिए क्या हुए नए खुलासे?

ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव की रहने वाली निक्की भाटी की संदिग्ध मौत अब रहस्य बनती जा रही है। 21 अगस्त को हुई इस घटना के बाद पुलिस को निक्की के कमरे से ज्वलनशील पदार्थ मिला है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इसके साथ ही कई नए वीडियो क्लिप भी सामने आए हैं, जिन्होंने जांच की दिशा पूरी तरह बदल दी है।

झगड़े का वीडियो आया सामने

पुलिस सूत्रों के अनुसार एक वीडियो में निक्की की सास दयावती अपने बेटे विपिन और बहू निक्की के बीच हुए झगड़े को रोकती नजर आ रही है। वहीं, निक्की की बहन कंचन द्वारा बनाए गए एक अन्य वीडियो में आवाज आती है – “ये क्या कर लिया?” इस बयान के बाद अब जांच एजेंसियां नए सिरे से सबूतों को जोड़ने में जुटी हैं।

बहन ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

निक्की की बहन कंचन ने एफआईआर दर्ज कराई थी। उसका आरोप है कि पति विपिन, ससुर सत्यवीर, सास दया और देवर रोहित ने मिलकर निक्की को पहले पीटा और फिर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जला दिया। लेकिन पुलिस को मिले नए वीडियो और सबूतों ने कहानी को उलझा दिया है।

सीसीटीवी और पुराने केस की जांच

पुलिस जांच में सामने आए एक सीसीटीवी फुटेज में घटना से ठीक पहले विपिन घर के बाहर खड़ा दिखाई देता है। इसके अलावा, पिछले साल अक्टूबर में दर्ज एक पुराने केस की भी जांच हो रही है, जिसमें विपिन पर एक लड़की से मारपीट और धमकी देने का आरोप था।

अस्पताल के दस्तावेजों में ‘गैस सिलेंडर ब्लास्ट’

निजी अस्पताल के मेमो के मुताबिक निक्की गैस सिलेंडर फटने से झुलसी थी। उसे विपिन का चचेरा भाई देवेंद्र अस्पताल लेकर पहुंचा। देवेंद्र ने पुलिस को बताया कि निक्की बार-बार पानी मांग रही थी और उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी।

परिवार का आरोप – 36 लाख और कार की मांग

निक्की के पिता भिखारी सिंह ने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि भाटी परिवार 36 लाख रुपये और कार की मांग कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी को दहेज के लिए जिंदा जला दिया गया।

पुलिस की जांच के तीन अहम बिंदु

फिलहाल पुलिस की जांच तीन अहम कड़ियों पर टिकी है –

  1. ज्वलनशील पदार्थ की फोरेंसिक रिपोर्ट

  2. सामने आए नए वीडियो क्लिप

  3. निक्की की बहन कंचन के बदलते बयान

इन्हीं बिंदुओं से यह तय होगा कि निक्की की मौत गैस सिलेंडर हादसा थी या फिर सुनियोजित दहेज हत्या।

Related Articles

Back to top button