बीजेपी की आफत बनी साध्वी प्रज्ञा। गांधी की हत्या करने वाले गोडसे को देशभक्‍त बता गईं

राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी की गोली मार कर हत्‍या करने वाले नाथूराम गोडसे को लेकर बयानबाजी का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है | कमल हासन ने नाथूराम गोडसे को आजाद भारत का पहला हिन्‍दू आतंकवादी करार दिया था| जिसके बाद अब भोपाल से बीजेपी प्रत्‍याशी साध्‍वी प्रज्ञा ठाकुर ने एक और विवादित बयान दिया है| प्रज्ञा ठाकुर ने नाथूराम गोडसे को देशभक्‍त बताया है | साध्‍वी प्रज्ञा ने कहा कि नाथूराम गोडसे देशभक्‍त थे, देशभक्‍त हैं और देशभक्‍त रहेंगे | साध्‍वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि नाथूराम गोडसे को आतंकवादी कहने वाले लोग अपने गिरेबां में झांक कर देखें | ऐसे लोगों को इस चुनाव में जवाब दे दिया जाएगा | बता दें कि उनसे कमल हासन के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई थी जिसके बाद साध्वी प्रज्ञा ने यह विवादित बयान दिया | साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर भोपाल लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी हैं|

वहीं, बीजेपी ने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान की कड़ी निंदा की है | बीजेपी प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा, ‘साध्वी प्रज्ञा के बयान से बीजेपी सहमत नहीं है | हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं | इस मामले में पार्टी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर से स्पष्टीकरण मांगेगी | उनको अपने इस बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए |’ साध्वी प्रज्ञा इससे पहले हेमंत करकरे को लेकर विवादित बयान दे चुकी हैं और बाबरी मस्जिद विध्वंस में अपने रोल का कुबूलनामा भी कर चुकी हैं।

बता दें कि साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर पर मालेगांव बम धमाके में शामिल होने का आरोप है | उनको भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा है |

भोपाल लोकसभा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर और दिग्विजय सिंह के बीच सीधा मुकाबला है | इस सीट पर कुल 30 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं | यहां पर 12 मई को छटे चरण में वोटिंग हुई थी |

Related Articles

Back to top button