मुंबई : कल से 10 एसी स्पेशल सहित कुल 700 विशेष उपनगरीय सेवाएं चलाएगी पश्चिम रेलवे

मुंबई। पश्चिम रेलवे द्वारा वर्तमान में 506 विशेष उपनगरीय सेवाएं महाराष्ट्र सरकार द्वारा अधिसूचित अत्यावश्यक सेवाओं की विभिन्न कोटियों के कर्मचारियों के लिए परिचालित की जा रही हैं। सामाजिक प्रोटोकॉल को बनाये रखने और भीड़भाड़ से बचने के लिए, पश्चिम रेलवे ने गुरुवार, 15 अक्टूबर, 2020 से 10 विशेष वातानुकूलित ईएमयू सहित 194 अतिरिक्त सेवाएं जोड़कर दैनिक विशेष उपनगरीय सेवाओं की संख्या 506 से बढ़ाकर 700 करने का निर्णय लिया है।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित ठाकुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पश्चिम रेलवे द्वारा बढ़ाई जा रही 194 सेवाओं में से, सुबह के पीक आवर्स के दौरान 49 सेवाएं और शाम के पीक आवर्स के दौरान भी 49 सेवाओं को यात्रियों की सुविधा के लिए बढ़ाया गया है। ठाकुर ने कहा कि बढ़ी हुई 194 सेवाओं में 10 वातानुकूलित सेवाएं (2 धीमी सेवाएं -1 महालक्ष्मी-बोरीवली के बीच डाउन दिशा में और 1 बोरीवली- चर्चगेट के बीच अप दिशा में होगी। 8 फास्ट सेवाओं में 4 चर्चगेट-विरार के बीच डाउन दिशा में और 4 विरार- चर्चगेट के बीच अप दिशा में) शामिल हैं। कुल 194 सेवाओं में से चर्चगेट- विरार सेक्टर में 51 सेवाओं की वृद्धि की गई है, जबकि बोरीवली- चर्चगेट सेक्टर में 96 सेवाओं की वृद्धि हुई है।

इसी प्रकार भायंदर- विरार सेक्टर में 9 सेवाओं, नालासोपारा- चर्चगेट सेक्टर में 12 सेवाओं, चर्चगेट- भायंदर सेक्टर में 9 सेवाओं, वसई रोड- चर्चगेट सेक्टर में 2 सेवाओं, बांद्रा-बोरीवली सेक्टर में 8 सेवाओं और चर्चगेट- बांद्रा सेक्टर में भी 8 सेवाओं की वृद्धि की गई है। गौरतलब है कि 23 मार्च, 2020 से COVID-19 लॉकडाउन के कारण पूर्ण रूप से बंद होने के बाद, महाराष्ट्र सरकार के अनुरोध पर पश्चिम रेलवे ने मुंबई उपनगरीय खंड पर 15 जून, 2020 से विशेष उपनगरीय ट्रेनों की चयनित सेवाओं की शुरुआत की थी।

नवीनतम वृद्धि 28 सितंबर, 2020 से लागू की गई थी, जब पश्चिम रेलवे के उपनगरीय खंड में दो महिला विशेष सेवाओं सहित 6 और सेवाओं को जोड़कर कुल सेवाओं को 500 से बढ़ाकर 506 कर दिया गया था। कोरोनावायरस महामारी के वर्तमान परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए, पश्चिम रेलवे पर विशेष उपनगरीय ट्रेनों और स्टेशनों को समुचित स्वच्छता के लिए नियमित रूप से साफ और सैनिटाइज किया जाता है। महाराष्ट्र सरकार द्वारा अनुमति प्राप्त सभी यात्रियों को, विशेष उपनगरीय ट्रेनों में यात्रा करते समय, सामाजिक दूरी के मानदंडों का पालन करने और हमेशा मास्क पहनने का अनुरोध पश्चिम रेलवे द्वारा दोहराया गया है। पश्चिम रेलवे ने यह भी अपील की है कि इन विशेष ट्रेनों में सिर्फ महाराष्ट्र सरकार द्वारा अनुमति प्राप्त विशिष्ट श्रेणियों के व्यक्ति ही यात्रा करें।

Related Articles

Back to top button