कुछ घंटे की बारिश से मुंबई बेहाल पानी-पानी हुई मुंबई का हाल, प्लेन, ट्रेन और बस सेवा पर पड़ा प्रभाव; लोगों को हुई परेशानी

मुंबई के गोरेगांव इलाके की यह तस्वीर वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे की है। भारी बारिश के कारण हाईवे का एक हिस्सा पानी में डूब गया है और सड़क पर लंबा जाम लगा है।

मुंबई में गुरुवार देर रात से हो रही बारिश शुक्रवार सुबह भी जारी है। वडाला, सायन और गांधी मार्केट समेत कई निचले इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है। भारी बारिश के चलते BMC ने बसों के रूट बदल दिए हैं। हार्बर लाइन पर चलने वाली लोकल ट्रेन सेवा भी प्रभावित हुई हैं। एयरपोर्ट के रनवे पर पानी भर गया है। हालांकि, अभी उड़ानों पर असर पड़ने की जानकारी सामने नहीं आई है। मुंबई के अलावा ठाणे और रायगढ़ के लिए भी मौसम विभाग ने बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

मुंबई के गांधी मार्केट इलाके में भारी बारिश के चलते सड़कों पर कमर तक पानी भर गया है।

लोगों को समुद्र तट से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि मुंबई और उसके उपनगरों में अगले 24 घंटे में हल्‍की से मध्‍यम बारिश और कुछ स्‍थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है। मुंबई में भारी बारिश के कारण गांधी मार्केट इलाके में जल-जमाव हो गया है। मानसून के समय ये इलाका हमेशा जलमग्‍न हो जाता है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने भी लोगों से समुद्र तट से दूर रहने और जलजमाव वाले इलाकों में न घूमने का अनुरोध किया है।

कुछ घंटे की बारिश के बाद मुंबई के निचले इलाकों में ऐसा हाल हो जाता है। शुक्रवार सुबह की यह तस्वीर गांधी मार्केट की है।

सेंट्रल रेल रूट पर लोकल ट्रेन प्रभावित
मध्य रेलवे के CPRO के अनुसार भारी बारिश और जलभराव के कारण कुर्ला-विद्याविहार के पास ट्रेनें 20-25 मिनट देरी से चल रही हैं। स्लो लाइन ट्रैफिक कुर्ला-विद्याविहार को फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया गया है। हार्बर लाइन भी 20-25 मिनट देरी से चल रही है। ट्रांस-हार्बर लाइन यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।

मुंबई के लिंकिंग रोड इलाके में भारी बारिश के चलते सड़क पानी में डूब गई है।

मुंबई में अब तक हुई 1291.8 मिलीमीटर बारिश
मुंबई में 1 जून से अब तक कुल 1291.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से लगभग 48% अधिक है। पिछले एक हफ्ते में ही, मुंबई में लगभग 302 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 77% अधिक है।

Related Articles

Back to top button