मथुरा रेल हादसा: दिल्ली-आगरा रूट ठप, वंदे भारत-शताब्दी समेत कई ट्रेनें रद्द
मथुरा के वृंदावन-अझई स्टेशन के बीच मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने से आगरा-दिल्ली रेलमार्ग बाधित हो गया। वंदे भारत और शताब्दी समेत कई ट्रेनें रद्द और कई का रूट बदला गया। त्योहारी सीजन में यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

मथुरा: मथुरा रेलखंड के वृंदावन और अझई स्टेशनों के बीच मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे आगरा–दिल्ली रेलमार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। यह मार्ग उत्तर भारत के सबसे व्यस्त रूट्स में से एक है।
आगरा रेल मंडल की जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे के बाद कई प्रमुख ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जिनमें शामिल हैं:
- 64958 पलवल–आगरा कैंट मेमू
- 64955 आगरा कैंट–टूंडला मेमू
- 22470/22469 खजुराहो वंदे भारत
- 12002/12001 शताब्दी एक्सप्रेस
- 12280/12279 ताज एक्सप्रेस
- 20452/20451 सोगारिया इंटरसिटी सुपरफास्ट
- 12050/12049 गतिमान एक्सप्रेस
कई लंबी दूरी की ट्रेनें डायवर्ट
रेलवे ने स्थिति संभालने के लिए कई लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर दिया है। इनमें शामिल हैं:
12486 हजूर साहिब एक्सप्रेस, 12472 स्वराज एक्सप्रेस, 20156 नई दिल्ली–अंबेडकर नगर एक्सप्रेस, 12172 हरिद्वार–मुंबई एक्सप्रेस, 22408 हजरत निजामुद्दीन–अंबिकापुर सुपरफास्ट, 22210 दूरंतो एक्सप्रेस, 12722 दक्षिण सुपरफास्ट और 01494 पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस।
कई ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त किया गया है, जबकि कुछ 2 से 3 घंटे की देरी से चल रही हैं।
2024 में भी हुआ था ऐसा हादसा
ऐसा ही एक हादसा 19 सितंबर 2024 को हुआ था, जब जैत और वृंदावन रोड स्टेशनों के बीच कोयले से लदी मालगाड़ी के 25 डिब्बे पटरी से उतर गए थे। उस हादसे में भी आगरा–दिल्ली मार्ग पूरी तरह ठप हो गया था। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई थी, परंतु ट्रैक और ओवरहेड वायर को भारी नुकसान हुआ था।
त्योहारी सीजन में यात्रियों की परेशानी बढ़ी
यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब त्योहारों के कारण यात्रियों की भीड़ चरम पर है। आगरा कैंट, छाता, धौलपुर सहित कई स्टेशनों पर ट्रेनें रोकी गई हैं। उत्तर मध्य रेलवे ने पश्चिम रेलवे और पश्चिम मध्य रेलवे की ओर जाने वाली ट्रेनों को गाजियाबाद–मितावली–आगरा कैंट–बीना मार्ग से डायवर्ट किया है। रेलवे हेल्पलाइन पर लगातार शिकायतें मिल रही हैं, और यात्री घंटों स्टेशन पर फंसे हुए हैं।



